आगरा किला में लाइट एंड साउंड से विदेशी पर्यटक दूर
Agra News - आगरा किला में लाइट एंड साउंड शो की शुरुआत हो गई है, लेकिन यह केवल कागजों पर सफल है। 18 अप्रैल को पर्यटन मंत्री ने शो का उद्घाटन किया, लेकिन यह अब तक केवल हिंदी में ही चला है। पिछले 45 दिनों में शो...

ऐतिहासिक आगरा किला में लाइट एंड साउंड शो की शुरुआत तो हो गई लेकिन ये अब तक केवल कागजों में ही पूरी तरह सफल दिख रही है। जमीन पर शो सीमित और अधूरा ही साबित हो रहा है। 18 अप्रैल को विश्व विरासत दिवस पर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने शो का शुभारंभ किया था। कहा गया था कि यह शो हिन्दी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में चलेगा और इसके लिए शुल्क भी तय कर दिया गया था। लेकिन अब तक केवल हिन्दी में ही शो शुरू हो सका है। हिन्दी शो भी बीते 45 दिनों में केवल 20 दिन ही चला है।
कारण, पर्यटक ही नहीं पहुंचे। टिकट बिक्री न होने से आयोजकों को शो रद्द करना पड़ा। अंग्रेजी शो की बात करें तो वह एक दिन भी संचालित नहीं हो पाया। विदेशी पर्यटक आगरा किला तो आए, लेकिन शो में उनकी दिलचस्पी नहीं दिखी। आगरा किला के वरिष्ठ संरक्षण सहायक कलंदर बिंद के अनुसार अंग्रेजी शो शुरू ही नहीं हो पाया है। शो संचालित करने वाली ट्राई कलर कंपनी के प्रतिनिधि ने बताया कि अभी पर्यटन सीजन नहीं है। विदेशी पर्यटक कम आ रहे हैं। प्रचार-प्रसार के बाद ही शो की स्थिति बेहतर होगी। पर्यटन विभाग ने इस शो के ज़रिए रात्रि पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना बनाई थी। लेकिन शुरुआत के डेढ़ माह में ही पर्यटकों की कमी ने इस योजना की रफ्तार धीमी कर दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।