राजस्थान में 2 दिन बारिश की चेतावनी; पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक से बदलेगा मौसम का मिजाज
Rajasthan Mausam: राजस्थान में दो दिन बारिश की चेतावनी जारी की गई है। IMD का कहना है कि राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बदल जाएगा। पढ़ें मौसम विभाग का ताजा अपडेट…

राजस्थान के कई इलाकों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। राजस्थान में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 33.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। फतेहपुर में पारा सबसे कम 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर में दिन का औसत तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। IMD की ओर से साझा किए गए आंकड़े बताते हैं कि देश में मौसम के तीखे तेवर फरवरी से ही दिखने शुरू हो गए हैं। मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और गुजरात में रात के तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। राजस्थान में भी तापमान बढ़ना शुरू हुआ है।
मौसम विभाग की मानें तो 17 फरवरी से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र पर दस्तक देगा। इसका असर उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों पर भी देखा जाएगा। राजस्थान का मौसम भी इससे प्रभावित होगा। इसके प्रभाव से 18 से 20 फरवरी के दौरान राजस्थान में गरज चमक के साथ छिटपुट हल्की बारिश देखी जा सकती है। स्थानीय मौसम कार्यालय की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, 18 से 20 फरवरी के दौरान राजस्थान के उत्तरी एवं पश्चिमी भागों में बादलों की आवाजाही होने से कहीं-कहीं बारिश देखी जा सकती है।
राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई है। सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान बाड़मेर में 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। जयपुर मौसम केन्द्र की ओर से साझा की गई जानकारी में कहा गया है कि अगले तीन-चार दिन तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने से तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
जयपुर मौसम केन्द्र के प्रवक्ता ने बताया कि अगले कुछ दिनों में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 17 से 20 फरवरी के दौरान राज्य के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ ही कहीं-कहीं हल्की बारिश देखी जा सकती है। शुक्रवार को सुबह राजस्थान में सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 6.3 डिग्री और संगरिया में 6.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, सीकर में 6.7 डिग्री, करौली में 6.8 डिग्री, दौसा में 7.5 डिग्री, लूणकरणसर में 8.1 डिग्री और माउंट आबू में 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 फरवरी को छिटपुट हल्की बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में 17 से 20 फरवरी के दौरान छिटपुट हल्की बारिश या बर्फबारी देखी जा सकती है। हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में 19 और 20 फरवरी के दौरान हल्की बारिश या बर्फबारी देखी जा सकती है। वहीं मध्य प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र के तापमान में औसतन एक से तीन डिग्री की गिरावट देखी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यदि यह पश्चिमी विक्षोभ जमकर बरसा तो बढ़ते तापमान से राहत मिल सकती है। फिलहाल, पूर्वी यूपी और पूर्वांचल समेत देश के कुछ हिस्सों में पछुवा हवाएं चल रही हैं। इससे ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो हवा के शांत होने के बाद अगले कुछ दिनों के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान की चाल में तेजी देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग की ओर से जारी ऑल इंडिया वेदर बुलेटिन में कहा गया है कि असम के मौसम में चक्रवाती प्रभाव के कारण बारिश हो सकती है। इसी तरह अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी मेघ बरस सकते हैं। अनुमान है कि बारिश और तेज हवा के कारण अगले कुछ दिन तक पारा गिर सकता है। पूर्वी यूपी और इससे लगे बिहार के इलाकों में पछुआ हवाओं के प्रवाह से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। अगले 48 घंटे में पूरे राज्य के तापमान में गिरावट का अनुमान है। न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री गिरावट आएगी। सर्द हवा के कारण सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रहेगी।