'दादी' अपमानजनक शब्द नहीं, राहुल-प्रियंका भी इंदिरा के लिए कहते हैं; राजस्थान के मंत्री की सफाई
राजस्थान विधानसभा में इंदिरा गांधी को कांग्रेस नेताओं की दादी बताने पर मचे बवाल के बीच राज्य के मंत्री ने सफाई दी है। राज्य के कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि दादी कोई अपमानजनक शब्द नहीं है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी इंदिरा गांधी को दादी कहते हैं।

राजस्थान विधानसभा में इंदिरा गांधी को कांग्रेस नेताओं की दादी बताने पर मचे बवाल के बीच राज्य के मंत्री ने सफाई दी है। राज्य के कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि दादी कोई अपमानजनक शब्द नहीं है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी इंदिरा गांधी को दादी कहते हैं। उन्होंने इंदिरा गांधी को लेकर कोई अपमानजनक टिप्पणी नहीं की है।
राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं झुंझुनू जिले के प्रभारी अविनाश गहलोत ने रविवार को कहा कि उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को लेकर कोई अपमानजनक टिप्पणी नहीं की है। दादी कोई अपमानजनक शब्द नहीं है।
झुंझुनू जिला मुख्यालय पर बजट की समीक्षा और क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों के साथ बैठक करने आए अविनाश गहलोत ने कहा, “हमारे परिवार में जो बुजुर्ग हैं क्या उन्हें हम दादा दादी, माता-पिता, ताऊ-ताई नहीं बोलते। यह सम्मानजनक शब्द है। हमारे हिन्दी शब्दकोष में भी हमारे परिवार के बोलचाल के अंदर भी। इंदिरा गांधी कांग्रेस की बड़ी नेता रही हैं।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा खुद मंच से लगातार कहते रहे हैं उनकी दादी ने देश के लिए बलिदान दिया है। हमने भी वह शब्द इस्तेमाल किया है। बेवजह इस मुद्दे को उभारने के लिए इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को मेरे द्वारा इस्तेमाल किए गए शब्द से आपत्ति है और यदि वह असंसदीय माना जाता है तो उसे विधानसभा की कार्यवाही से हटा दिया जाए। फिर भी मेरी पार्टी और विधायक दल के नेता जो भी निर्णय लेंगे, मैं उसे मानने को तैयार हूं। हमारा प्रयास विपक्ष को साथ लेकर चलने का है, ताकि आमजन से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा हो सके। रही बात विधायकों के निलंबन की तो वे विधानसभा की कार्यवाही बाधित कर रहे थे। इसलिए उन्हें विधानसभा से निलंबित किया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर बजट की समीक्षा और क्रियान्वयन के लिए सभी मंत्री जिला मुख्यालय पर उपस्थित हैं। जिलाधिकारियों के साथ बजट को लेकर समीक्षा बैठक हुई है। गत बजट की समीक्षा भी हुई है। वर्तमान में बजट में जो घोषणाएं हुईं हैं, उनका सही समय पर क्रियान्वयन करने के लिए चर्चा की गई है। समावेशी बजट है। हर वर्ग को लाभान्वित किया गया है। यह बजट पूरे राजस्थान के लिए ऐतिहासिक है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा राजस्थान को ऊंचाई पर ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। उनका अर्थव्यवस्था को दुगुना करने का प्रयास है।
मंत्री ने कहा कि विकास के मामले में राजस्थान देश में दूसरे स्थान पर है। आने वाले समय में राजस्थान को पहले स्थान पर लाया जाए, यह मुख्यमंत्री की मंशा है। हम सभी मिलकर प्रयास कर रहे हैं कि राजस्थान पहले स्थान पर रहे। उन्होंने कहा कि यमुना जल समझौते को लेकर हाल ही में मुख्यमंत्री हरियाणा के मुख्यमंत्री से मुलाकात हुई है। बहुत ही जल्द यमुना जल समझौते के लिए कार्य बल का गठन करके तेज गति से काम करेंगे।