Hindi Newsराजस्थान न्यूज़Announcement of 11 district presidents of Rajasthan BJP, know who got the command from where?

राजस्थान BJP के 11 जिलाध्यक्षों की घोषणा, जानें कहां से किसको मिली कमान?

  • राजस्थान भाजपा ने 11 जिलों में अध्यक्ष चुन लिए। इनमें से एक में महिला को अध्यक्ष चुना गया है। इससे पहले 25 जनवरी को पांच जिला संगठनों में जिला अध्यक्ष चुने गए थे। इनमें भी एक महिला को अध्यक्ष चुना गया था।

Prem Narayan Meena लाइव हिन्दुस्तानTue, 28 Jan 2025 09:16 AM
share Share
Follow Us on
राजस्थान BJP के 11 जिलाध्यक्षों की घोषणा, जानें कहां से किसको मिली कमान?

राजस्थान भाजपा ने 11 जिलों में अध्यक्ष चुन लिए। इनमें से एक में महिला को अध्यक्ष चुना गया है। इससे पहले 25 जनवरी को पांच जिला संगठनों में जिला अध्यक्ष चुने गए थे। इनमें भी एक महिला को अध्यक्ष चुना गया था। पार्टी ने अब तक कुल 16 जिला संगठनों में अध्यक्ष चुन लिए हैं। पार्टी का प्रयास है कि कम से कम पांच से सात जिलों में महिलाओं को अध्यक्ष चुना जाए। जिला अध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया पूरी करवाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सोमवार को जोधपुर में रहे, वहीं कई मंत्री अलग-अलग जिलों में गए। मंगलवार को भी विभिन्न जिलों में अध्यक्षों की चुनाव प्रक्रिया जारी रहेगी।

हनुमानगढ़: यहां सर्वसम्मति से भाजपा का जिलाध्यक्ष संगरिया निवासी एडवोकेट प्रमोद डेलू को चुना गया। प्रमोद पर किसी गुट की छाप नहीं है। आरएसएस पृष्ठभूमि से जुड़े हुए हैं। वे पहले भी जिले में कई पदों पर काम कर चुके हैं।

श्रीगंगानगर: सूरतगढ़ निवासी शरणपाल सिंह को जिला अध्यक्ष चुना गया। वे पहले भी इसी पद पर कार्यरत थे। शरणपाल 1994 से पार्टी में सक्रिय हैं। जिला महामंत्री, जिला उपाध्यक्ष सहित अन्य पदों पर काम कर चुके हैं।

बाड़मेर: जिलाध्यक्ष की कमान अनंतराम विश्नोई को सौंपी गई है। बाड़मेर भाजपा जिलाध्यक्ष पद के लिए 12 दावेदार दौड़ में थे। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष वर्तमान में प्रदेश मंत्री है। युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। संघ प्रचारक भी रह चुके हैं।

बालोतरा: यहां पार्टी ने भरत मोदी को जिला अध्यक्ष चुना है। मोदी पूर्व में भाजपा नगर मंत्री, जिला मंत्री, जिला महामंत्री पद पर रह चुके हैं।

जोधपुर शहर: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सर्वसम्मति से राजेन्द्र पालीवाल को जिला अध्यक्ष चुना। पालीवाल को केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के नजदीकी माना जाता है।

जोधपुर देहात दक्षिण: त्रिभुवन सिंह भाटी को जिला अध्यक्ष चुना गया। वे लंबे समय से भाजपा से जुड़े हुए है। उन्होंने संगठन में सदस्यता अभियान के जिला संयोजक सहित कई जिम्मेदारियां निभाई।

नागौर शहर: यहां रामधन पोटलिया को जिला अध्यक्ष चुना गया। पार्टी कार्यालय में सोमवार को गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम की उपस्थिति में चुनाव अधिकारी विमल अग्रवाल ने यह घोषणा की।

नागौर देहात: यहां सुनीता रांदड़ को जिला अध्यक्ष चुना गया। रांदड़ मूलत: मकराना की रहने वाली है। रांदड़ लम्बे समय से भाजपा में विभिन्न पदों पर काम कर रही हैं।

कोटा शहर: यहां वर्तमान जिला अध्यक्ष राकेश जैन को फिर से भाजपा ने जिला अध्यक्ष चुना है। जैन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नजदीकी माने जाते हैं। संघ से भी जुड़े हुए हैं।

कोटा देहात: यहां भी वर्तमान जिला अध्यक्ष प्रेम गोचर को दुबारा अध्यक्ष चुना गया है। गोचर को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नजदीकी माना जाता है।

बीकानेर देहात: यहां पार्टी ने श्याम सुंदर पंचारिया को जिला अध्यक्ष चुना है। इस दौड़ में सात उम्मीदवार थे, लेकिन चुनाव अधिकारी ने पंचारिया के नाम पर सर्वसम्मति बनवा ली। पंचारिया जिले में विभिन्न पदों पर रह चुके हैं।

अगला लेखऐप पर पढ़ें