You Are Woman CM Atishi Letter To Rekha Gupta over 9 year old Girl rape and murder in dayalpur Compare Nirbhaya Kand महिला CM होते हुए भी… 9 साल की बच्ची से रेप पर आतिशी का CM रेखा गुप्ता को पत्र, याद दिलाया निर्भया कांड, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर NewsYou Are Woman CM Atishi Letter To Rekha Gupta over 9 year old Girl rape and murder in dayalpur Compare Nirbhaya Kand

महिला CM होते हुए भी… 9 साल की बच्ची से रेप पर आतिशी का CM रेखा गुप्ता को पत्र, याद दिलाया निर्भया कांड

दिल्ली के दयालपुर में 9 साल की बच्ची से रेप और हत्या के मामले में आम आदमी पार्टी ने अब दिल्ली की बीजेपी सरकार पर सवाल उठा दिए हैं। आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने सीएम रेखा गुप्ता को इस मामले में एक पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।

Sun, 8 June 2025 07:16 PMAditi Sharma लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
महिला CM होते हुए भी… 9 साल की बच्ची से रेप पर आतिशी का CM रेखा गुप्ता को पत्र, याद दिलाया निर्भया कांड

दिल्ली के दयालपुर में 9 साल की बच्ची के साथ रेप और हत्या के मामलें से हर कोई सदमे में है। जानकारी के मुताबिक आरोपी ने ईद के दिन बच्ची के साथ रेप की वारदात को अंजाम देने के बाद उसकी हत्या कर दी और शव को सूटकेस में बंद कर दिया। बाद में पिता को बच्ची का खून से लथपथ शव एक फ्लैट के अंदर सूदकेस में बंद मिला था। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने अब दिल्ली की बीजेपी सरकार पर सवाल उठा दिए हैं। आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने सीएम रेखा गुप्ता को इस मामले में एक पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।

उन्होंने अपने पत्र में लिखा, अत्यंत पीड़ा के साथ यह पत्र आपको लिख रही हूं। दिल्ली, जो देश की राजधानी है, आज फिर एक मासूम बेटी की चीखों से कांप उठी है। नेहरू विहार में 9 साल की बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म और उसकी निर्मम हत्या ने दिल्ली की आत्मा को झकझोर दिया है। बच्ची का शव सूटकेस में बंद पाया गया, जिसके शरीर पर चोट और यौन उत्पीड़न के निशान इस अपराध की भयावहता को उजागर करते हैं। यह घटना दिल्ली में आपकी सरकार की नाकामी का खुला प्रमाण है।

आतिशी ने कहा, आपके नेतृत्व में भाजपा की तथाकथित 4 इंजन वाली सरकार दिल्ली को सुरक्षित बनाने में पूरी तरह विफल रही है। एक दशक पहले निर्भया कांड ने दिल्ली और देश की आत्मा को झकझोर दिया था, और आज एक और बेटी उसी दर्द से गुजरी। दिल्ली की बेटियां असुरक्षित हैं, और आप एक महिला मुख्यमंत्री होते हुए भी, इस मुद्दे पर मौन हैं?

आप दिल्ली की मुख्यमंत्री हैं, लेकिन आपकी निष्क्रियता और उदासीनता हैरान करने वाली है। जब दिल्ली की सड़कें अपराधियों के लिए सुरक्षित और बेटियों के लिए खतरनाक बन चुकी हैं, तब आप चुप हैं? क्या आप केवल सत्ता का सुख भोगने के लिए इस पद पर हैं? दिल्ली की जनता आपसे सवाल पूछ रही है - हमारी बेटियां कब सुरक्षित होंगी? अपराधियों को खुली छूट क्यों दी जा रही है?

उन्होंने आगे कहा, मैं मांग करती हूँ कि इस मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच हो, दोषियों को कठोर सजा दी जाए और दिल्ली में महिलाओं व बच्चियों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं। यह समय बहानेबाजी का नहीं, बल्कि जवाबदेही और कार्रवाई का है। मैं, एक महिला और दिल्ली की बेटी के रूप में, आपसे पूछती हूं- हमारी सुरक्षा के लिए आप क्या कर रही हैं?