भीषण गर्मी के बीच बारिश और तूफान का अलर्ट, दिल्ली में अचानक क्यों बदल रहा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 27 अप्रैल से 2 मई के बीच तीन दिन ऐसे हैं जब तूफान और गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। लेकिन मौसम में आ रहे इस बदलाव का कारण क्या है। आईएमस ने इसका जवाब दिया है।

दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने एक बार फिर तेज तूफान और बारिश की आशंका जातई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 27 अप्रैल से 2 मई के बीच तीन दिन ऐसे हैं जब तूफान और गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। लेकिन मौसम में आ रहे इस बदलाव का कारण क्या है। दिल्ली में कभी भीषण गर्मी और तो कभी तेज हवा और बारिश की स्थिति क्यों बन रही है। इसका जवाब है वेस्टर्न डिस्टर्बेंस।
दरअसल पहाड़ी इलाकों में 24 अप्रैल से वेस्टर्न डिस्बर्स ऐक्टिव हुआ है और इसका असर मैदानी इलाकों में भी देखा जा सकता है। मौसम विभाग ने दिल्ली के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली के आस-पास के इलाकों जैसे पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम में आए बदलाव के चलते इसका असर दिल्ली पर दिखाई दे रहा है। वहां से आ रही तेज हवाओं के चलते दिल्ली के तापमान में गिरावट की संभावना है। हालांकि बहुत ज्यादा गिरावट नहीं होगी। 20-30 से लेकर 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
वहीं 29 अप्रैल को हवा की गति बढ़ सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक आसपास के राज्यों से तेज हवाएं आ रही हैं और इसी का असर दिल्ली में दिखाई दे रहा है जिसके चलते दिल्ली में बारिश और तूफान की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक 27 और 28 अप्रैल को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और तापमान 40-41 डिग्री के बीच दर्ज किया जा सकता है। वहीं 29 अप्रैल से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 29 अप्रैल को तेज आंधी के साथ बारिश आने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान 39 डिग्री और 25 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं 30 और एक मई को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। वहीं गाजियाबाद में आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 2 और 3 मई को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और आंधी और बारिश की संभावना भी है। ऐसे में दिल्ली वालों को एक बार फिर गर्मी से राहत मिल सकती है।