300 बीघा जमीन के लिए भिड़े दो भाई; ग्रेटर नोएडा में जमकर चलीं गोलियां- 12 दबोचे गए
- गोलीबारी समेत झगड़ा के बारे में पुलिस को जानकारी मिली तो मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और 12 लोगों को गिरफ्तार करके अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि मामला करीब 300 बीघा जमीन से जुड़ा हुआ है।

ग्रेटर नोएडा में दो भाइयों के बीच प्रॉपर्टी विवाद का मामला सामने आया है। इसके चलते दोनों गुट ने आपस में जमकर लड़ाई-झगड़ा किया। घटना के बारे में पुलिस को जानकारी मिली तो मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और 12 लोगों को गिरफ्तार करके अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि मामला करीब 300 बीघा जमीन से जुड़ा हुआ है।
नॉलेज पार्क थाने के प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि 300 बीघा जमीन को लेकर दो भाइयों के बीच झगड़ा हुआ था। इसमें नीरज शर्मा प्रॉपर्टी का 77 प्रतिशत हिस्सेदार है। उसके भाई भरत शर्मा के पास 18 प्रतिशत और कुशल राठी के पास 5 प्रतिशत हिस्सा है। रविवार रात को भरत और नीरज के बीच झगड़ा हुआ और दोनों अपने साथ कुछ लोगों को लेकर आए। कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गोलियां भी चलाईं।
हालांकि, गोलीबारी की घटना में कोई घायल नहीं हुआ। घटना में 20 नामजद और 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कुमार ने बताया कि आगे की जांच जारी है। जानकारी के मुताबिक गौतमबुद्धनगर के सिविल जज के पास इस प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा मामला विचाराधीन है।