OMG! महिला के पित्ताशय में 1500 स्टोन, चिकित्सकों ने चीरा लगा निकाला गॉल ब्लैडर
इसके बारे में जानकारी देते हुए दिल्ली स्थित Sir Ganga Ram Hospital के लैप्रोस्कोपिक और जनरल सर्जन डॉक्टर मनीष कुमार गुप्ता ने कहा कि महिला के गॉल ब्लैडर को हटा दिया गया है उसमें करीब 1500 स्टोन थे।

दिल्ली के प्राइवेट अस्पताल में एक महिला के पित्ताशय या गॉल ब्लैडर से करीब 1500 स्टोन निकाले गए हैं। बताया जा रहा है कि 32 साल की यह महिला पित्ताशय में भारीपन औऱ सूजन से जूझ रही थीं। महिला को जंक या फैटी फूड खाने के बाद पित्ताशय में भारीपन महसूस होता था। Sir Ganga Ram Hospital के लैप्रोस्कोपिक और जनरल सर्जन डॉक्टर मनीष कुमार गुप्ता ने कहा कि महिला के गॉल ब्लैडर को हटा दिया गया है उसमें करीब 1500 स्टोन थे।
डॉक्टर मनीष कुमार गुप्ता ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि महिला रिया शर्मा का सफल laparoscopic cholecystectomy किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि महिला पहले यह मानती थीं कि उन्हें गैस हो रहा है और वो इसके लिए कई दवाइयां भी ले चुकी थीं। महिला को पेट के ऊपरी हिस्से, पीठ और कंधे में भी दर्द रहता था। कई बार उन्हें उल्टियां भी होती थीं। जांच के बाद महिला का laparoscopic cholecystectomy करने का फैसला लिया गया था। यह प्रक्रिया गॉल ब्लैंडर से स्टोन हटाने के लिए की जाती है।
डॉक्टर ने बताया कि सर्जरी के दौरान महिला के पेट में 10 mm और 5 mm का चीरा लगाया गया ताकि गॉल ब्लैडर को हटाया जा सके। महिला रिया शर्मा गुरुग्राम की रहने वाली हैं। उनका कहना है कि वो अकेली रहती हैं और ज्यादातर अपने खाने-पीने के लिए बाहर के खाने पर निर्भर हैं। उन्होंने कहा, 'कुछ हफ्ते पहले मैं भारीपन और सूजन से पीड़ित थी। एक पारिवारिक फिजिशियन से संपर्क करने और अल्ट्रासाउंड से पता चला कि मेरे गॉल ब्लैडर में काफी स्टोन है जिसके बाद मुझे सर गंगा राम अस्पताल में रेफर किया गया।'
एक दिलचस्प बात यह भी है कि इतने सारे स्टोन होने के बावजूद जिस दिन महिला की सर्जरी की गई उसी दिन उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई। चिकित्सक ने कहा कि खाने के बीच लंबे अंतराल और बार-बार फास्टिंग करने से लोगों की लाइफस्टाइल में परिवर्तन आया है और इसकी वजह से स्टोन की बीमारियां बढ़ी हैं।