भारत विकसित राष्ट्र बनने की राह पर: मनोहर लाल
ग्रेटर नोएडा में इलेक्रामा-2025 एक्सपो का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने किया। यह प्रदर्शनी इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माताओं के नवीन उत्पादों को प्रदर्शित करती है। मंत्री ने भारत...

ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। इंडिया एक्सपो मार्ट सेंटर में शनिवार से पांच दिवसीय इलेक्रामा-2025 एक्सपो का शुभारंभ हुआ। केंद्रीय ऊर्जा और आवास एवं शहरी मंत्री मनोहर लाल ने मेले की शुरूआत की। इस प्रदर्शनी में इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माता अपने-अपने नवीन उत्पादों को प्रदर्शित कर रहे हैं। केंद्रीय ऊर्जा और आवास एवं शहरी मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि हम जैसे-जैसे विकसित भारत की तरफ बढ़ रहे है, उसमें बिजली क्षेत्र आर्थिक विकास, ऊर्जा सुरक्षा और स्थिरता को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि यह मेला इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में भारत की क्षमताओं को मजबूती के साथ विश्व स्तर पर प्रदर्शित कर रहा है। उन्होंने भारत के ऊर्जा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और इस क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 2030 तक भारत का लक्ष्य 800 गीगावॉट उत्पादन क्षमता हासिल करना है। भारत 2027 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने की राह पर है। इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग स्वच्छ ऊर्जा को आगे बढाने, ग्रिड आधुनिकरण और ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूत करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक व्हीकल(ईवी) के क्षेत्र में भारत तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर और व्हीकल-टू-ग्रिड तकनीक का विस्तार ई-मोबिलिटी की ओर बदलाव को और तेज करेगा।
इस दौरान आईईईएमए के अध्यक्ष सुनील सिंघवी ने कहा कि भारत का बिजली क्षेत्र एक उल्लेखनीय परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है, जो दूरदर्शी नेतृत्व, मजबूत नीति पहल और उद्योग सहयोग से प्रेरित है। देश पहले ही 210 गीगावॉट नवीकरणीय ऊर्जा हासिल कर चुका है। भारत ईवी विनिर्माण और चार्जिंग बुनियादी ढांचे के लिए एक वैश्विक केंद्र के रूप में भी उभर रहा है, जो टिकाऊ ऊर्जा समाधानों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत कर रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।