पुलिस मुठभेड़ में इनामी गैंगस्टर को लगी गोली, घायल
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 142 में पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह भागने लगा और फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल हो गया और उसे...

ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। सेक्टर 142 थाना पुलिस और एक बदमाश के बीच गुरुवार की रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हुआ है। पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती करवाया है। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि सेक्टर 142 थाना पुलिस द्वारा गुरुवार की रात एफएनजी सर्विस रोड पर चैकिंग की जा रही थी, तभी सामने से एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने इसे रूकने का ईशारा किया तो वह नहीं रूका और भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्यवाही में बदमाश पैर में गोली लगने के कारण घायल हुआ है। बदमाश की पहचान अनिल कुमार निवासी ग्राम डहरपुर कलां, जिला बदायूं हाल पता किराए का मकान ग्राम इलाहाबांस नोएडा के रूप में हुई है। पुलिस की छानबीन में पता चला है कि मुठभेड़ में घायल बदमाश गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहा था। इसपर पन्द्रह हजार रुपए का ईनाम घोषित था। बदमाश अनिल कुमार अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं का अंजाम देता था। पुलिस ने बताया कि इस बदमाश ने करीब छह महीने पहले सेक्टर 144 एफएनजी रोड से अपने साथी रोहित कुमार के साथ मिलकर ई-रिक्शा चोरी किया था। यह फिर से किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। पुलिस इसके अन्य अपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी जुटा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।