संविधान के बारे में जितना जानेंगे, उतना ही राष्ट्रवाद की ओर बढ़ेंगे: धनखड़
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने संविधान जागरूकता वर्ष समारोह में कहा कि संविधान के ज्ञान से राष्ट्रवाद की ओर बढ़ना संभव है। उन्होंने राजनीति और व्यक्तिगत हितों से ऊपर राष्ट्रवाद को प्राथमिकता देने की...

छत्रपति संभाजीनगर, एजेंसी। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शनिवार को कहा कि लोगों को उनके मौलिक अधिकार प्रदान करने वाले संविधान के बारे में हम जितना अधिक जानेंगे, उतना ही हम राष्ट्रवाद की ओर अग्रसर होंगे। संविधान जागरूकता वर्ष समारोह के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को राजनीति और व्यक्तिगत हितों से ऊपर राष्ट्रवाद को अपना सबसे बड़ा धर्म समझना चाहिए। चुनौतियों का सामना करते हुए अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए।
उपराष्ट्रपति ने भारत में मतदाता मतदान बढ़ाने के लिए यूएसएआईडी द्वारा कथित तौर पर किए गए वित्त पोषण के हालिया खुलासे का स्पष्ट संदर्भ देते हुए कहा, देश के सामने एक चुनौती है। बाहर से धन प्राप्त करके, लोकतांत्रिक व्यवस्था को अपवित्र बनाया जा रहा है। उनके (दानदाताओं) द्वारा चुने गए लोगों को चुनाव जिताया जा रहा है। यह खतरनाक है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। धनखड़ ने कहा, हमारे संविधान के बारे में जागरूकता आज सबसे बड़ी जरूरत है। हमारे संविधान निर्माता तपस्वी थे जिन्होंने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी। वे ऐसा संविधान बनाना चाहते थे जो सभी की अपेक्षाओं को पूरा करे। उन्होंने चुनौतियों का समाधान सार्थक संवाद, उच्चस्तरीय बहस के जरिए किया, न कि बहिष्कार के जरिए। उन्होंने लोकतंत्र के मंदिर की प्रतिष्ठा को कभी कम नहीं होने दिया।
उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों से संविधान दिवस मनाया जा रहा है ताकि नई पीढ़ी को पता चले कि देश को सर्वोच्च बलिदानों के कारण आजादी मिली है, इसके साथ ही इसका मकसद लोगों को उनके बुनियादी अधिकारों और लोकतांत्रिक कर्तव्यों की याद दिलाना है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।