मणिपुर में राष्ट्रपति शासन :: कुकी-जो विधायकों ने मणिपुर में शांति की उम्मीद जताई
मणिपुर के कुकी-जो समुदाय के विधायकों ने राष्ट्रपति शासन लागू होने के बाद राज्य में शांति की उम्मीद जताई है। उन्होंने केंद्र सरकार से जातीय संघर्ष से प्रभावित लोगों की पीड़ा को समाप्त करने के लिए एक...

इंफाल, एजेंसी। मणिपुर के कुकी-जो समुदाय से संबंध रखने वाले विधायकों ने राष्ट्रपति शासन लगाए जाने के बाद राज्य में शांति की उम्मीद जताई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य में शांति और न्याय स्थापित करने के लिए एक समग्र राजनीतिक खाका तैयार करेगी।
भाजपा के सात विधायकों, कुकी पीपुल्स अलायंस के दो विधायकों और एक निर्दलीय विधायक ने संयुक्त बयान में कहा कि वे जातीय संघर्ष से प्रभावित तथा आंतरिक रूप से विस्थापित हुए लोगों की पीड़ा को खत्म करने के लिए भी कदम उठाए जाने की अपेक्षा करते हैं। बयान में कहा गया, हम केंद्र के विधानसभा को निलंबित रखने के फैसले को स्वीकार करते हुए आशा करते हैं कि भारत सरकार एक व्यापक राजनीतिक खाका तैयार करेगी, जिससे एक सौहार्दपूर्ण समझौते के तहत शांति और न्याय स्थापित हो सके। बता दें कि मणिपुर में गुरुवार को राष्ट्रपति शासन लगाया गया और राज्य विधानसभा को निलंबित कर दिया गया। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के कुछ दिनों के बाद राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाया गया।
---
दो दिन में 11 उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर में सुरक्षाबलों ने पिछले दो दिन में 11 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। इनमें कुकी नेशनल आर्मी (केएनए) के सात संदिग्ध काडर भी शामिल हैं। पुलिस ने रविवार को बताया कि 'केएनए काडर' को शुक्रवार को चुराचांदपुर जिले के पुराने खाउकुअल इलाके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि शनिवार को इंफाल पूर्वी जिले के हुइकाप गांव में एक अन्य अभियान में प्रतिबंधित संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी समूह) के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। इनके पास से दो एके-47 राइफल, पिस्तौल, गोला-बारूद आदि बरामद किया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।