शांति प्रयासों में भारत की महिला शांतिरक्षकों का योगदान अहम : संयुक्त राष्ट्र
संयुक्त राष्ट्र के शांतिरक्षा प्रमुख जीन-पियरे लैक्रोइक्स ने कहा है कि भारत की महिला शांतिरक्षकों का योगदान शांति अभियानों में महत्वपूर्ण है। वे स्थायी शांति में योगदान करती हैं और 50 देशों की महिला...

संयुक्त राष्ट्र, एजेंसी। संयुक्त राष्ट्र के शांति प्रयासों में भारत की महिला शांतिरक्षकों का योगदान बेहद अहम है। इनके प्रतिनिधित्व वाले मिशन के परिणाम बेहतर होते हैं और वे स्थायी शांति में योगदान देते हैं। शांतिरक्षा अभियानों के लिए संयुक्त राष्ट्र के अवर महासचिव जीन-पियरे लैक्रोइक्स ने एक इंटरव्यू के दौरान यह बात कही।
संयुक्त राष्ट्र शांतिरक्षा प्रमुख ने कहा, भारत संयुक्त राष्ट्र शांतिरक्षा मिशन का आधार बना हुआ है और भारतीय महिला शांतिरक्षा कर्मी शांति स्थापना को नए सिरे से परिभाषित कर रही हैं। लैक्रोइक्स भारत द्वारा 24-25 फरवरी को आयोजित किए जा रहे ‘शांति स्थापना में महिलाओं की भूमिका बढ़ाना: एक ग्लोबल साउथ अनुभव सम्मेलन में भाग लेने के लिए नई दिल्ली की यात्रा करेंगे। इस संदर्भ में पूछे गए सवालों के जवाब में उन्होंने कहा, भारत में सम्मेलन में भाग लेना सौभाग्य की बात है।
50 देशों की महिला अधिकारी हिस्सा लेंगी
लैक्रोइक्स ने कहा, यह सम्मेलन ग्लोबल साउथ के लगभग 50 देशों की महिला अधिकारियों को साथ लाएगा, जो शांति स्थापना में उभरती चुनौतियों और शांति एवं सुरक्षा को आगे बढ़ाने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा करेंगी। उन्होंने कहा, शांतिरक्षा प्रयासों में महिलाओं की संख्या में वृद्धि का मतलब है, शांति स्थापना का अधिक प्रभावी होना।
स्थायी शांति में योगदान दे रही महिलाएं
लैक्रोइक्स ने कहा, भारतीय महिला शांतिरक्षक कर्मियों की उपस्थिति यह साबित करती है कि महिलाओं के अधिक प्रतिनिधित्व वाले मिशन समुदायों के साथ मजबूत संबंध बनाते हैं, इनके परिणाम बेहतर होते हैं और ये स्थायी शांति में योगदान करते हैं। भारत लंबे समय से शांतिरक्षा अभियानों में महिलाओं, शांति और सुरक्षा को आगे बढ़ाने में अग्रणी रहा है।
मिशन की सफलता के लिए जरूरी
संयुक्त राष्ट्र के अधिकारी ने कहा, शांतिरक्षा में महिलाओं की भागीदारी केवल न्यायसंगत ही नहीं, बल्कि यह मिशन की सफलता के लिए एक अहम आवश्यकता भी है। भारत की महिला शांतिरक्षक संयुक्त राष्ट्र के शांतिरक्षा प्रयासों में अपरिहार्य साबित हुई हैं तथा उन्होंने दुनिया के कुछ सबसे चुनौतीपूर्ण संघर्ष क्षेत्रों में हमारे कर्मियों और स्थानीय समुदायों के बीच विश्वास कायम करने में मदद की है।
शीर्ष देशों में शामिल भारत
लैक्रोइक्स ने कहा, सितंबर 2024 तक के आंकड़ों के अनुसार भारत ने 10 अभियानों में 153 महिलाओं समेत 5,384 कर्मियों का योगदान दिया है और वह संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में योगदान देने वाले शीर्ष देशों में शामिल है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।