दिल्ली चुनाव: कांग्रेस ने हार कर भी दिया आम आदमी पार्टी को झटका
दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस एक बार फिर से खाता खोलने में नाकाम रही, लेकिन उसने आम आदमी पार्टी (आप) को कई सीटों पर हारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कांग्रेस के वोट प्रतिशत में केवल 2 प्रतिशत...

ब्यूरो: दिल्ली चुनाव: कांग्रेस ने हार कर भी दिया आम आदमी पार्टी को झटका - हरियाणा, गुजरात और गोवा में ‘आप दे चुकी है कांग्रेस को झटका
- कई चुनाव में ‘आप को मिले हैं कांग्रेस-भाजपा के अंतर से अधिक मत
02 फीसदी की वृद्धि ही वोट प्रतिशत में कर पाई कांग्रेस
सुहेल हामिद
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस एक बार फिर अपना खाता खोलने में नाकाम रही। तमाम कोशिशों के बावजूद पार्टी अपने वोट प्रतिशत में सिर्फ दो फीसदी की वृद्धि कर पाई। इसके बावजूद पार्टी ने कई सीट पर आम आदमी पार्टी की हार में अहम भूमिका निभाई है। यह पहला मौका है जब कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी को झटका दिया है। इससे पहले ‘आप हरियाणा, गुजरात और गोवा सहित कई चुनाव में कांग्रेस को झटका देती रही है।
राजधानी दिल्ली से ठीक चार माह पहले हरियाणा में चुनाव हुए थे। लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन के बाद कांग्रेस हरियाणा में आप के साथ गठबंधन के पक्ष में थी। गठबंधन पर बातचीत अंतिम दौर में थी, पर आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया। नतीजा यह हुआ कि आम आदमी पार्टी अपना खाता भी नहीं खोल पाई, पर करीब सात-आठ सीट पर कांग्रेस के लिए आम आदमी पार्टी वोट कटवा साबित हुई।
डबवाली, असंध, उचाना कलां और रानिया सहित कई सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी भाजपा से चंद वोट से हारे। वहीं इन सीट पर आम आदमी पार्टी को दोनों पार्टियों के बीच के अंतर से अधिक वोट मिले। दिलचस्प बात यह है कि हरियाणा में भाजपा और कांग्रेस को 39-39 फीसदी वोट मिले। जबकि आम आदमी पार्टी ने करीब दो फीसदी वोट हासिल कर कांग्रेस को झटका दिया। गुजरात में आम आदमी पार्टी कई सीट पर कांग्रेस की हार की वजह बनी थी। गुजरात में वर्ष 2022 के चुनाव में आम आदमी पार्टी करीब 13 फीसदी वोट हासिल करने में सफल रही। इसका सीधा असर कांग्रेस के प्रदर्शन पर पड़ा और पार्टी 41.4 फीसदी से गिरकर 27 प्रतिशत पर आ गई। इन चुनाव में कांग्रेस को 60 सीट का नुकसान हुआ और वह 17 सीट पर सिमट गई। जबकि 2017 में कांग्रेस ने 41 फीसदी वोट के साथ 77 सीट जीती थी। प्रदेश कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि ‘आप की वजह से एक दर्जन से अधिक सीट का नुकसान उनकी पार्टी को हुआ।
आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को सिर्फ हरियाणा और गुजरात में ही झटका नहीं दिया उसने गोवा में भी कांग्रेस की हार की वजह बनी थी। वर्ष 2022 के चुनाव में ‘आप के चुनाव लड़ने से कांग्रेस को वहां पांच फीसदी वोट का नुकसान हुआ। जबकि ‘आप चुनाव में लगभग आठ फीसदी वोट के साथ दो सीट जीतने में कामयाब रही थी। वर्ष 2017 के चुनाव में कांग्रेस 28.7 प्रतिशत वोट के साथ 17 सीट जीती थी, जबकि 34 फीसदी वोट लेने के बावजूद भाजपा सिर्फ 13 सीट हासिल कर पाई थी। यानी आप की वजह से कांग्रेस को नुकसान हुआ था।
कांग्रेस और आप के मतदाता कमोबेश एक जैसे
2013 में आप को 30% वोट मिले, जो 2020 में बढ़कर 54% हो गए
2013 में कांग्रेस को 25% वोट मिले थे, जो 2020 में घटकर 4% हो गए
35% के करीब भाजपा के अपने वोट बरकरार
---
इन प्रमुख सीटों पर कांग्रेस ने आप को दिया झटका
बादली-
भाजपा-61,192
आप-46029
अंतर- 15163
कांग्रेस- 20,121
नांगलोई जाट
भाजपा 75272
आप -49021
अंतर-26251
कांग्रेस को मिले -32048
मादीपुर
भाजपा -52019
आप-41120
अंतर-10899
कांग्रेस-17958
राजेंद्र नगर
भाजपा-46671
आप- 45440
अंतर-1231
कांग्रेस-4015
नई दिल्ली
भाजपा-30088
आप- 25999
अंतर-4089
कांग्रेस-4568
जंगपुरा
भाजपा-38859
आप- 38184
अंतर-675
कांग्रेस-7350
संगम विहार
भाजपा-54049
आप- 53705
अंतर-344
कांग्रेस-15863
ग्रेटर कैलाश
भाजपा-49594
आप- 46406
अंतर-3188
कांग्रेस-6711
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।