अपडेट : कंडक्टर की पिटाई के बाद कर्नाटक-महाराष्ट्र के बीच बस सेवा ठप
नोट : पहले...कंडक्टर की पिटाई के बाद कर्नाटक-महाराष्ट्र में बस सेवाएं प्रभावित...हेडिंग से जारी हुई

बेंगलुरु, एजेंसी। मराठी नहीं बोलने पर बस के कंडक्टर की पिटाई के बाद कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच बस सेवाएं ठप हो गई हैं। शुक्रवार को कर्नाटक के बेलगावी में एक बस चालक और कंडक्टर को कथित तौर पर मराठी में बात न करने पर पीटा गया।
बस कंडक्टर के अनुसार, राज्य के बेलगावी में ही एक लड़की ने मराठी में बात कर टिकट मांगा। जब उसने कहा कि उसे मराठी नहीं आती और उसने लड़की से कन्नड़ में बात करने को कहा तो लड़की तथा उसके पुरुष मित्र ने उस पर हमला कर दिया। युवकों के एक समूह ने भी बस को रोका और कंडक्टर की पिटाई की।
इसके बाद, जवाबी कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों ने शनिवार को चित्रदुर्ग जिले के हिरियूर तालुक के गुइलल में महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम के बस चालक पर हमला कर दिया और उसका चेहरा काला कर दिया। इसके बाद से बेलगावी में मामला तनावपूर्ण बना हुआ है।
बेलगावी को लेकर है सीमा विवाद
बेलगावी में मराठी लोग बड़ी संख्या में रहते हैं। इस कारण बेलगावी को कई बार महाराष्ट्र में शामिल करने की मांग उठती रही है। दोनों राज्यों के बीच बेलगावी को लेकर सीमा विवाद काफी पुराना रहा है। मौजूदा घटना ने इस विवाद को फिर से भड़का दिया है।
------
शांति बरतने की अपील
कर्नाटक के मंत्रियों ने रविवार को नागरिकों से बेलगावी में शांति बनाए रखने का आग्रह किया। कर्नाटक के कानून और संसदीय कार्य मंत्री एच के पाटिल ने कहा, कन्नड़िगा और मराठी सौहार्दपूर्ण ढंग से रह रहे हैं। मैं लोगों (असामाजिक तत्वों) से अपील कर रहा हूं कि वे लोगों को भड़काना बंद करें।
--------
कन्नड़ और कर्नाटक का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे : भाजपा
कर्नाटक भाजपा प्रमुख बीवाई विजयेंद्र ने कहा, जो लोग कन्नड़ और कर्नाटक के खिलाफ बोलते हैं उन्हें माफ नहीं किया जा सकता। राज्य के अंदर ही कन्नड़ और कर्नाटक का अपमान करना अपराध है। मैंने कन्नड़ समर्थक संगठनों के बयान पर गौर किया है। हम कन्नड़वासियों को इस तरह की आक्रामकता के खिलाफ आवाज उठाने की जरूरत है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।