Hindi Newsएनसीआर न्यूज़haryana municipal election announcement know which date will be voting and counting

हरियाणा में निकाय चुनावों का ऐलान; किस तारीख को डाले जाएंगे वोट, कब काउंटिंग?

लंबे इंतजार के बाद हरियाणा में नगर निकाय चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया गया है। राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने मंगलवार को पंचकूला में प्रेसवार्ता कर नगर निकाय चुनावों की घोषणा की।

Krishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, फरीदाबादTue, 4 Feb 2025 06:29 PM
share Share
Follow Us on
हरियाणा में निकाय चुनावों का ऐलान; किस तारीख को डाले जाएंगे वोट, कब काउंटिंग?

लंबी प्रतीक्षा के बाद आखिरकार हरियाणा में नगर निकाय चुनाव होने जा रहे हैं। मंगलवार को राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने पंचकूला में प्रेसवार्ता कर नगर निकाय चुनावों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि 2 मार्च को मतदान होगा जबकि नतीजे 12 मार्च को आएंगे। चुनाव की तारीख की घोषणा के साथ ही सूबे में आचार संहिता लागू हो गई है।

राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने बताया कि 11 फरवरी को नामांकन शुरू हो जाएगा। यह प्रक्रिया 17 फरवरी तक चलेगी। 18 फरवरी को स्क्रूटनी होगी और 19 को नाम वापसी की आखिरी तारीख होगी। चुनाव के नतीजे 12 मार्च को घोषित किए जाएंगे। वोटर्स को नोटा का विकल्प भी दिया जाएगा।

चुनाव घोषणा के साथ ही जिले में आचार संहिता भी लग गई है। आचार संहिता लगने से नए विकास कार्यों पर रोक लग गई है। एनसीआर में पड़ने वाले गुरुग्राम में 8,97,905 मतदाता शहर की सरकार चुनेंगे। प्रदेश में पहला गुरुग्राम जिला है जहां पर एक साथ दो नगर निगमों के चुनाव होने हैं। नगर निगम गुरुग्राम की सदन का कार्यकाल नवंबर 2022 में ही समाप्त हो चुका है। इसके बाद से ही निगम अधिकारियों ने ही शहर के विकास की कमान संभाल रखी है।

गुरुग्राम में पहली बार 8,97,905 मतदाता सीधे तौर पर अपना मेयर चुनेंगे। नगर निगम क्षेत्र के विस्तार के बाद, गुरुग्राम और बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अधिकांश वोटर इसमें शामिल होंगे। इससे पहले निकाय चुनाव में जीतकर आने वाले पार्षद मेयर चुनते थे। अब तक दो मेयर शहर में बने हैं। तीसरी बार मेयर चुनने का हक सीधा जनता के हाथ में होगा। नगर निगम एरिया बढ़ने के बाद गुरुग्राम और बादशाहपुर विधानसभाओं का अधिकतर हिस्सा नगर निगम एरिया में है।

बता दें कि फरीदाबाद नगर निगम में 46 वार्ड हैं। सभी वार्ड में पार्षद का चुनाव होगा और मेयर का भी सीधा चुनाव होगा। चुनाव की घोषणा होने से अब सभी राजनीतिक दल भी उम्मीदवारों के चयन के लिए सक्रिय हो गए हैं। वहीं चुनाव लड़ने के इच्छुक लोग भी जनप्रतिनिधियों के कार्यालयों पर पहुंच गए हैं। फरीदाबाद नगर निगम का चुनाव वर्ष 2022 से लंबित है। अभी तक किसी न किसी वजह से नगर निगम चुनाव टलता आ रहा था।

अगला लेखऐप पर पढ़ें