ग्रेटर नोएडा, नोएडा से फरीदाबाद जाना होगा आसान, मार्च से शुरू हो जाएगा यह पुल; पूरे NCR को फायदा
स्मार्ट सिटी फरीदाबाद से ग्रेटर नोएडा आवाजाही करने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। लोक निर्माण विभाग ने पुल के बचे कार्य को पूरा करना शुरू कर दिया है, ताकि मार्च में इसे लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके निर्माण में 122 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

स्मार्ट सिटी फरीदाबाद से ग्रेटर नोएडा आवाजाही करने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। मार्च से मंझावली पुल के शुरू होने से फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा के बीच यात्रा आसान हो जाएगी। लोक निर्माण विभाग ने पुल के बचे कार्य को पूरा करना शुरू कर दिया है, ताकि मार्च में इसे लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। जिले में स्मार्ट सिटी से ग्रेटर नोएडा की कनेक्टिविटी को बेहतर करने के लिए 24 किलोमीटर लंबी परियोजना पर काम चल रहा है। इस परियोजना के तहत गांव मंझावली में यमुना नदी पर 630 मीटर लंबा चार लेन पुल का निर्माण पूरा हो चुका है। पुल के निर्माण में 122 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
पुल से फरीदाबाद को जोड़ने के लिए 20 किलोमीटर लंबी और यूपी की सीमा में चार किलोमीटर लंबी सड़क का काम पूरा हो गया है। पुल से फरीदाबाद आने वाली सड़क को चौड़ा करने का काम हो गया है। मंझावली, चिरसी में बाईपास सड़क का निर्माण चल रहा। नोएडा में अट्टा के पास नोएडा-ग्रेटर नोएडा से गुजर रहे यमुना एक्सप्रेस-वे से जोड़ने को काम चल रहा है। इसके मार्च तक पूरा होने का दावा है। इस पुल के शुरू हो से काफी लोगों को लाभ होगा।
लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रकाश लाल ने कहा, 'अंतिम चरण के कार्य जल्द पूरा हो जाएगा। सब कुछ योजना के अनुसार चला, तो मार्च के दूसरे सप्ताह में लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।'
यातायात में मिलेगी राहत
यह पुल दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा, जिससे दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में यातायात का दबाव कम होगा। स्थानीय व्यापारियों और उद्योगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा, जिससे आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
दस वर्ष पूर्व शिलान्यास हुआ
केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गड़करी ने 15 अगस्त 2014 में चार लेन पुल की आधारशिला रखी थी। फरवरी 2018 में पुल का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। उस समय पुल का काम पूरा करने के लिए दिसंबर 2019 की डेडलाइन तय की गई थी, लेकिन काम पूरा नहीं हो सका था। अब मार्च 2025 में लोगों की आवाजाही शुरु करने की बात कही गई है।