प्रेमी के कमरे में कंबल से बंधा मिला महिला का शव, हत्या का आरोप
लोनी में एक महिला का शव उसके प्रेमी के कमरे में कंबल से बंधा हुआ मिला। प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या करने की बात सामने आई है। महिला की पहचान 40 वर्षीय कृष्णा देवी के रूप में हुई है। उसका बेटा...

लोनी। ट्रोनिका सिटी थानाक्षेत्र में गुरुवार को प्रेमी के कमरे में महिला का शव कंबल से बंधा मिला। बाहर ताला लगा था, शव के सड़ने पर निकला द्रव्य बहकर कमरे से बाहर गया और बदबू फैली तो पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस पहुंची। शुरुआती जांच में गला दबाकर हत्या की बात सामने आई है। बेटे ने मां के प्रेमी के खिलाफ शिकायत दी है, जो फरार है। पुलिस को सूचना मिली थी कि इलायचीपुर गांव स्थित एक मकान के बंद कमरे से खून बह रहा है। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि कमरे के अंदर महिला का शव जमीन पर पड़ा हुआ मिला। शव को कंबल में लपेटकर बांधा गया था। आसपास बदबू फैली हुई थी। शव की पहचान 40 वर्षीय कृष्णा देवी निवासी हर्ष विहार, दिल्ली के रूप में हुई, जबकि कमरा इमरान नाम के युवक ने किराये पर ले रखा था। वह पुताई का काम करता है। लोगों ने बताया कि इमरान और कृष्णा के संबंध थे और वह अक्सर यहां आती थी। कृष्णा के बड़े बेटे व अन्य परिजनों ने भी मौके पर पहुंचकर इसकी पुष्टि की। शुरुआती जांच में इमरान के महिला की हत्या कर भागने की बात सामने आई है। बेटे ने भी इमरान पर मां की हत्या का आरोप लगा शिकायत दी है। एसीपी का कहना है कि महिला के गले पर निशान हैं। अंदेशा है कि गला दबाकर हत्या की गई है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारण स्पष्ट होंगे। लोग जिसे खून बता रहे थे, वह शरीर से निकलने वाला दृव्य है। शरीर के सड़ने पर यह निकलता है।
शराब पीकर करता था विवाद
पड़ोसियों के मुताबिक कृष्णा मंगलवार को कमरे पर आई थी। मंगलवार रात महिला का मित्र मकान की छत पर सोया था। बुधवार को कमरे से जाने के बाद से वह लौट कर वापस नहीं आया है। आशंका है कि हत्या के बाद वह इत्मिनान से छत पर सोया और अगली सुबह फरार हो गया। वहीं कृष्णा के बेटे ने भी इसकी पुष्टि की कि मां दो दिन से लापता थी। हर्ष विहार थाने में गुमशुदगी देने गए थे, लेकिन पुलिस ने खुद ही ढूंढ़ने को कह दिया था।
दूसरे पति को छोड़कर बच्चों संग रह रही थी
पुलिस के मुताबिक कृष्णा बुलंदशहर की मूलनिवासी है और करीब तीन साल से दिल्ली में बच्चों के साथ रह रही थी। उसके पहले पति की मौत हो गई थी। उससे तीन बच्चे हैं। दूसरे पति से दो बच्चे हुए और तीन साल पहले उसे भी छोड़ दिया। दिल्ली में रहने के दौरान उसकी इमरान से दोस्ती हुई थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।