गंगनहर का जलस्तर सामान्य होने से प्लांट चालू
गंगनहर का जल स्तर शनिवार को सामान्य हो गया, जिससे दोनों गंगाजल प्लांट सुचारू हो गए। हालांकि, जल स्तर फिर से घट सकता है। इंदिरापुरम, वसुंधरा और वैशाली में पानी की आपूर्ति बाधित हुई, जिससे 10 लाख लोग...

ट्रांस हिंडन। गंगनहर में जल स्तर शनिवार को सामान्य हो गया, जिसके बाद दोनों गंगाजल प्लांट सुचारू हो गए। हालांकि, जलस्तर कभी भी घट सकता है। दिन में प्लांट बाधित रहने से इंदिरापुरम, वसुंधरा व वैशाली में शाम के समय गंगाजल की आपूर्ति नहीं हो पाई। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई। रजवाहों में पानी छोड़े जाने के चलते शुक्रवार शाम को गंगनहर का जल स्तर घट गया था। प्लांटों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने के कारण दोनों प्लांट के तीन में दो पंप बंद करने पड़े थे। इस कारण नोएडा की पेयजल आपूर्ति बाधित रही। इंदिरापुरम, वसुंधरा और वैशाली को भी पर्याप्त पानी नहीं मिला। शनिवार सुबह जलकल विभाग ने नलकूप चलाकर पूरी आपूर्ति दी, लेकिन शाम को इन इलाकों में पानी नहीं पहुंचा, जिस कारण ट्रांस हिंडन के तीनों पॉश इलाकों में रहने वाले करीब 10 लाख लोग परेशान हुए। शनिवार दोपहर बाद जल स्तर सामान्य हो गया, जिसके बाद प्लांट पूरी तरह चालू कर दिए गए। जल निगम के सहायक अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि जल स्तर सामान्य हो गया है। प्लांट पूरी तरह क्रियाशील है। सिंचाई विभाग से जानकारी मिली है कि रजवाहों में सिंचाई के लिए अभी भी पानी छोड़ा जा रहा है। इसलिए जल स्तर कभी भी घट सकता है। फिलहाल आपूर्ति सामान्य है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।