ट्रिपल इंजन की सरकार बनने पर विकास की गति तिगुनी होगी: सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बल्लभगढ़ में रोड शो के दौरान कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार बनने से विकास की गति तिगुनी होगी। उन्होंने स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस को मात देने का दावा किया...

फरीदाबाद/बल्लभगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बनने से विकास की गति तिगुनी होगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली चुनाव की तरह स्थानीय निकाय चुनाव में भी कांग्रेस शून्य पर आउट होगी। उन्होंने लोगों से भाजपा प्रत्याशियों को जीत दिलाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने रविवार को जिले में कई स्थानों पर रोड शो में लोगों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का संकल्प पत्र अलग से होगा और स्थानीय संकल्प अलग से तैयार होगा। मुख्यमंत्री का रोड शो सुबह करीब 11 बजे बल्लभगढ़ शहर के रेस्ट हाउस से शुरू हुआ। इस दौरान उनके साथ विधायक मूलचंद शर्मा, पूर्व विधायक नरेंद्र गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष राजकुमार बोहरा, भाजपा की मेयर प्रत्याशी प्रवीन जोशी आदि ने मुख्यमंत्री का बड़ी माला के साथ स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे हरियाणा में कमल के फूल को लेकर जबरदस्त माहौल है। उन्होंने दावा किया कि फरीदाबाद नगर निगम चुनावों में भाजपा की मेयर उम्मीदवार भारी मार्जिंन से चुनाव जीतेंगी। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार बनने के बाद तीन गुना गति से काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांगे्रस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ट्वीट के ऊपर काम करती है, धरातल पर नहीं।
सुरक्षा हुई चूक, मोबाइल फेंका : मुख्यमंत्री का बल्लभगढ़ में अभी रोड शो शुरू भी नहीं हुआ था। मुख्यमंत्री गाड़ी पर खड़े होकर लोगों पर फूल बरसा रहे थे, तभी अचानक एक मोबाइल उनकी गाड़ी के बोनट पर आकर गिरा। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत मोबाइल को कब्जे में ले लिया। इतना जरूर है कि मोबाइल मुख्यमंत्री को नहीं लगा। इस मामले में एसीपी महेश श्योराण ने बताया कि भाजपा का एक कार्यकर्ता मुख्यमंत्री काफिले पर फूल फेंक रहा था तभी अचानक हाथ से मोबाइल भी फेंका गया। जिसने यह जानबूझकर नहीं किया।
पांच मोबाइल फोन चोरी
मुख्यमंत्री के रोड में चोरों ने पांच मोबाइल फोन चोरी कर लिए। इनमें से एक मोबाइल फोन व्यापारी विनोद मित्तल, सरफराज, गांव फतेहपुर बिल्लौच की सरपंच सरोज सैनी, नन्द किशोर सैनी, भाजपा ओबीसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष व इंद्रजीत अरोडा का चोरी हो गया। पीड़ित लोगों ने पुलिस में शिकायत कर दी है। मुख्यमंत्री नायब सैनी के लिए एक अलग तरह का लगाव रोड शो के दौरान लोगों में नजर आया। भारी संख्या में पहुंचे लोगों ने मोदी जिंदाबाद, नायब सैनी जिंदाबाद और भारत माता की जय के जयकारे लगाए। रोड शो में मुख्यमंत्री ने बड़े ही सरल अंदाज में हाथ जोड़कर, हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। लोगों ने भी इसी तरह उनका स्वागत किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।