भाजपा शासन में फरीदाबाद बदहाल: लता रानी
फरीदाबाद में कांग्रेस की मेयर उम्मीदवार लता रानी ने चुनाव प्रचार के तहत कई इलाकों में नुक्कड़ सभाओं और जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने भाजपा पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और कहा कि फरीदाबाद की हालत खराब...

फरीदाबाद, मुख्य संवाददाता। कांग्रेस की मेयर उम्मीदवार लता रानी ने शनिवार को अपने चुनाव प्रचार के तहत शहर के कई इलाकों में नुक्कड़ सभाओं और डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने मुजेडी, चंदावली, भांखरी, अनखीर और राजीव नगर समेत कई क्षेत्रों में लोगों से मुलाकात कर कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की। सभाओं को संबोधित करते हुए लता रानी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद, जो कभी औद्योगिक विकास का उदाहरण था, आज नगर निगम में फैले भ्रष्टाचार के कारण बदहाल हो चुका है। सड़कों की खराब स्थिति, जलभराव, गंदगी और टूटी हुई सीवर लाइनों की समस्या आम हो गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाएं, युवा, व्यापारी और किसान सभी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
लता रानी ने कांग्रेस शासन की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उनकी सरकार ने रोजगार के अवसर बढ़ाए, गरीबों के हित में योजनाएं चलाईं और फरीदाबाद को बेहतर सड़क व जल व्यवस्था दी। लेकिन भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार ने शहर की हालत खराब कर दी है। उन्होंने कहा कि जनता का उत्साह यह दर्शाता है कि इस बार नगर निगम में कांग्रेस की जीत तय है। उन्होंने लोगों से अपील की कि 2 मार्च को हाथ के निशान पर मतदान कर फरीदाबाद के विकास के लिए कांग्रेस को मौका दें। इस दौरान युवा कांग्रेस के पूर्व लोकसभा अध्यक्ष रिंकू चंदीला ने भी कई वार्डों का दौरा कर भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि फरीदाबाद की जनता भाजपा के भ्रष्टाचार और लूट का जवाब दे और कांग्रेस के उम्मीदवारों को भारी बहुमत से विजयी बनाए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।