फरीदाबाद के नगर निगम चुनाव में भी परिवारवाद की राजनीति हावी, समझिए पूरी बात
- राजनीतिक दल एक-दूसरे पर परिवारवाद और वंशवाद को लेकर हमला करते रहते हैं। लेकिन, नगर निगम चुनाव में अधिकांश राजनीतिक दलों ने पूर्व में चुनाव लड़ चुके या संगठन की राजनीति में सक्रिय नेताओं के परिवार के सदस्यों को टिकट दी हैं।

केशव भारद्वाज,फरीदाबाद: जिस तरह लोकसभा और विधानसभा में राजनेताओं के परिवारिक सदस्य चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमाने उतरते हैं, इसी तर्ज पर नगर निगम के मौजूदा चुनाव में भी नगर निगम की राजनीति में रह चुके नेताओं के बेटे, पत्नी और पुत्रवधु चुनाव मैदान में हैं। राजनीतिक दल भी नेताओं के परिवार के सदस्यों को टिकट देने में पीछे नहीं रहे।
राजनीतिक दल एक-दूसरे पर परिवारवाद और वंशवाद को लेकर हमला करते रहते हैं। लेकिन, नगर निगम चुनाव में अधिकांश राजनीतिक दलों ने पूर्व में चुनाव लड़ चुके या संगठन की राजनीति में सक्रिय नेताओं के परिवार के सदस्यों को टिकट दी हैं। इस वजह से चुनाव में यह कोई मुददा नहीं है। आम आदमी पार्टी के टिकट पर मेयर पद का चुनाव लड़ रहीं निशा दलाल फौजदार बल्लभगढ़ से गत वर्ष विधानसभा का चुनाव लड़ चुके रविंद्र फौजदार की पत्नी हैं। आम आदमी पार्टी ने डॉ. नीतू मान को अपना टिकट दिया था। लेकिन, उनका नामांकन रदद होने की वजह से निशा दलाल फौजदार चुनाव लड़ रही हैं।
इसी तरह कांग्रेस पार्टी ने मेयर पद के लिए लता रानी को टिकट दिया है। इससे पूर्व राजनीति में सक्रियता नहीं देखी गई है। उनके पति रिंकू चंदीला कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय हैं। वे पूर्व में युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे हैं। उधर, भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहीं प्रवीण जोशी के पति संदीप जोशी प्रदेश भाजपा के प्रदेश महासचिव रह चुके हैं। भाजपा उम्मीदवार के ससुर रमेश जोशी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। हालांकि, भाजपा उम्मीदवार स्वयं लंबे समय से राजनीति में सक्रिय हैं। वे भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। वहीं हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की चेयरपर्सन भी हैं। उधर, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा कहते हैं कि राजनीति में जीत सबसे ज्यादा मायने रखती है। कोई भी राजनीतिक दल अपनी समझ से सक्रिय और जिताऊ उम्मीदवार पर ही दांव लगाता है।
पूर्व मेयर अनीता गोस्वामी के देवर विनोद गोस्वामी बल्लभगढ़ में वार्ड नंबर-41 से पार्षद का चुनाव लड़ रहे हैं। पूर्व मेयर ब्रह्मवती खटाना की पुत्रवधु शीतल खटाना वार्ड नंबर-पांच से पार्षद का चुनाव लड़ रही हैं। पिछले सदन में भी वे पार्षद थीं। उनके पति जयवीर खटाना भी पार्षद रह चुके हैं। पूर्व मेयर अशोक अरोड़ा के बेटे भारत अरोड़ा वार्ड नंबर-13 से पार्षद का चुनाव लड़ रहे हैं। बल्लभगढ़ के पूर्व पार्षद और बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र से पिछला विधानसभा चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लड़ चुके राव रामकुमार के परिवार के सदस्य वार्ड-40 से पवन यादव, वार्ड- 42 से दीपक यादव और वार्ड 43 से रश्मि यादव पार्षद का चुनाव लड़ रहीं हैं। पूर्व पार्षद और फरीदाबाद सीट से विधायक का चुनाव लड़ चुके कुलदीप तेवतिया की पत्नी अनीता भी वार्ड -39 से चुनाव लड़ रही हैं। इसके अलावा भी कई पूर्व पार्षद और उनके परिवार के सदस्य चुनाव लड़ रहे हैं।