दिल्ली में कल से 3 दिन झमाझम बारिश; तेज हवा के साथ तूफानी मौसम से गिरेगा तापमान
Delhi Weather: दिल्ली में कल यानी बुधवार से मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग की ओर से दिल्ली के साथ ही एनसीआर में तीन दिन झमाझम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

Delhi Weather Forecast: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साथ ही एनसीआर में कल यानी बुधवार से मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने दिल्ली के साथ ही एनसीआर के विभिन्न इलाकों में तीन दिन गरज चमक के साथ ही झमाझम बारिश की चेतावनी दी है। इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग का कहना है कि एक एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ जल्द ही दस्तक देगा जिससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है।
वहीं 25 से 28 फरवरी के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में छिटपुट से लेकर हल्की से मध्यम बारिश देखी जाएगी। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में बुधवार को सुबह के वक्त धुंध छाई रह सकती है। हालांकि दिल्ली में दोपहर से मौसम बदलना शुरू होगा। शाम या रात तक आसमान में बादल डेरा डाले नजर आ सकते हैं। दिल्ली में रात में बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी नजर आ सकती है।
गुरुवार को भी दिल्ली एनसीआर में मौसम खराब रहेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे और तेज हवाएं चलेंगी। साथ ही गरज चमक के साथ हल्की बारिश देखी जाएगी। वहीं दिल्ली में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं चलेंगी। शुक्रवार को भी सुबह के वक्त धुंध छाने का अनुमान है। दिन में गरज चमक के साथ हल्की बारिश होगी। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं चलेंगी।
मौसम विभाग का कहना है कि तीन दिन बूंदाबांदी और तेज हवाओं का असर दिल्ली एनसीआर के मौसम पर होगा। इससे तापमान में गिरावट आएगी। मौसम विभाग ने बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। IMD ने गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं पहली मार्च को अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। IMD ने दो मार्च को अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। तीन मार्च को दिल्ली में तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी और अधिकतम तापमान 27 से 29 जबकि न्यूनतम 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है।