दिल्ली में कल और परसों बारिश की चेतावनी, इसके बाद कोहरे के साथ ठंड का डबल अटैक
Delhi Weather Forecast: दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में मौसम बदल जाएगा। मौसम विभाने कल और परसों बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके बाद कोहरे का प्रकोप देखा जाएगा। मौसम की ताजा जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…

दिल्ली एनसीआर के इलाकों में अगले 24 घंटे के दौरान मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग की मानें तो 23 जनवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में जबकि 22 और 23 जनवरी को उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। दिल्ली एनसीआर के इलाकों में भी 22 और 23 जनवरी को बारिश के आसार हैं। इसके बाद कोहरा छाने का अनुमान है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो बारिश के बाद जैसे-जैसे गलन बढ़ेगी दिल्ली में एकबार फिर ठंड बढ़ जाएगी।
मौसम विभाग की ओर से दिल्ली के साथ ही NCR के विभिन्न हिस्सों में बुधवार को सुबह के वक्त धुंध या मध्यम कोहरा जबकि कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने का यलो अलर्ट जारी किया गया है। दिन में आसमान में बादल छाए रहेंगे। शाम या रात के समय गरज चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान तेज हवाएं चलने का अनुमान है। दिल्ली में इस दिन अधिकतम तापमान 22 जबकि न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है।
IMD ने 23 जनवरी को सुबह के समय अधिकांश स्थानों पर मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई है। आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय गरज चमक के साथ हल्की बारिश भी देखी जा सकती है। एनसीआर के शहरों में भी कमोबेश ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। दिल्ली में इस दिन अधिकतम तापमान 20 जबकि न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है। इस दिन किसी प्रकार का अलर्ट मौसम विभाग की ओर से नहीं है।
दिल्ली में 23 जनवरी के बाद ठंड बढ़ने का अनुमान है। मौसम विभाग ने दिल्ली में 24 जनवरी को सुबह के वक्त अधिकांश स्थानों पर धुंध या मध्यम कोहरा छाने का यलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में कुछ स्थानों पर सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। दिन में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। शाम या रात को हल्का कोहरा देखा जा सकता है। एनसीआर के इलाकों में भी मौसम कमोबेश ऐसा ही रहेगा। इस दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 18 जबकि न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है।

मौसम विभाग ने 25, 26 और 27 जनवरी को दिल्ली के साथ ही एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में सुबह के वक्त अधिकांश स्थानों पर धुंध या हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। दिन में आसमान साफ रहेगा। शाम या रात के वक्त हल्का कोहरा नजर आ सकता है। 26 जनवरी को 10 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चलने का अनुमान है। इससे पलूशन से राहत मिलने की संभावना है। इन तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री जबकि न्यूनतम 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है।