Hindi Newsएनसीआर न्यूज़delhi mausam ka hal winter chill might return weather will change from today temperature drop light rain

Delhi Weather: दिल्ली में लौटेगी ठंड? आज से बदलेगा मौसम, बारिश से गिरेगा तापमान; 24 फरवरी तक का हाल

Delhi Weather: दिल्ली में धीरे-धीरे ठंड कम होने लगी है। फरवरी के महीने में ही मार्च से भी ज्यादा तेज धूप का सामना कर रहे दिल्ली वालों के लिए थोड़ी राहत की खबर है। उत्तर भारत में सक्रिय एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से मंगलवार के बाद दिल्ली के मौसम में बदलाव हो सकता है।

Sneha Baluni हिन्दुस्तान, नई दिल्लीTue, 18 Feb 2025 05:31 AM
share Share
Follow Us on
Delhi Weather: दिल्ली में लौटेगी ठंड? आज से बदलेगा मौसम, बारिश से गिरेगा तापमान; 24 फरवरी तक का हाल

Delhi Weather: दिल्ली में धीरे-धीरे ठंड कम होने लगी है। फरवरी के महीने में ही मार्च से भी ज्यादा तेज धूप का सामना कर रहे दिल्ली वालों के लिए थोड़ी राहत की खबर है। उत्तर भारत में सक्रिय एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से मंगलवार के बाद दिल्ली के मौसम में बदलाव हो सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि हल्की बूंदाबांदी के चलते अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट हो सकती है। इस बीच, सोमवार को दिल्ली के कई इलाकों का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री या उससे ज्यादा रहा।

दिल्ली के लोगों को इस बार फरवरी के महीने में लगातार ही सामान्य से ज्यादा गर्म मौसम का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से ही खिलने वाली तेज धूप के चलते लोगों को अब दिन के समय गर्म कपड़ों की जरूरत खतम हो गई है। ज्यादातर लोग हल्की टीशर्ट पहने हुए या हाफ जैकेट में दिखने लगे हैं। हालांकि, शाम के समय हल्की ठंडक का अहसास अभी बना हुआ है।

दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में सोमवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो कि सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। जबकि, न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जो कि सामान्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 100 से 31 फीसदी तक रहा। दिल्ली के रिज इलाके अधिकतम तापमान सामान्य से 5.7 डिग्री और आयानगर का 5.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। पिछले कुछ दिनों से दिन में तेज धूप के कारण गर्मी रहती है वहीं सुबह और शाम के समय हल्की ठंड लग रही है।

दिल्लीवालों को प्रदूषित हवा से राहत नहीं मिली

मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। जबकि, दिन में हल्के बादलों का आवागमन रहने और हवा की गति 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रहने की संभावना है। वहीं, दिल्ली के लोगों को प्रदूषित हवा से भी राहत नहीं मिल रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक सोमवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 231 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को खराब श्रेणी में रखा जाता है।

अगले 7 दिनों का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, मंगलवार को आसमान पर बादलों का डेरा रहेगा। बुधवार को बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। गुरुवार को साफ आसमान रहेगा। इसके बाद मौसम बदलेगा और शुक्रवार को हल्की बारिश हो सकती है। फिर शनिवार से लेकर सोमवार तक मौसम साफ रहेगा।

अगला लेखऐप पर पढ़ें