महाशिवरात्रि के बाद दिल्ली में बदलेगा मौसम, 3 दिन बारिश को रहें तैयार; 2 मार्च तक का जान लीजिए हाल
Delhi Weather: राजधानी दिल्ली में दो दिन बाद मौसम बदलने के आसार हैं। फरवरी माह में लगातार तेज धूप के चलते तापमान में काफी वृद्धि हुई है। रविवार को अधिकतम तापमान में लगभग सवा डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई।

Delhi Weather: राजधानी दिल्ली में दो दिन बाद मौसम बदलने के आसार हैं। फरवरी माह में लगातार तेज धूप के चलते तापमान में काफी वृद्धि हुई है। रविवार को अधिकतम तापमान में लगभग सवा डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन तापमान में बढ़ोतरी का रुख रहेगा, इसके बाद बूंदाबांदी के चलते तापमान में गिरावट आएगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा। बुधवार के बाद मौसम में बदलाव होगा और पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इससे अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक की गिरावट हो सकती है।
दिल्ली में जनवरी के बाद फरवरी का महीना भी इस बार सामान्य से ज्यादा गर्म रहा है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के अभाव में दिल्ली में सामान्य से कम बारिश हुई है। इसके चलते हवा में नमी भी कम है और मौसम में गर्मी भी ज्यादा है। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में रविवार का अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री के बीच और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री के बीच रह सकता है।
गुरुवार को बारिश
मौसम विभाग ने बुधवार को महाशिवरात्री के बाद दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश का अनुमान जताया है। बारिश की वजह से तेज धूप से कुछ राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम में बदलाव आएगा। इससे अधिकतम तापमान में दो डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के लोग तेज धूप का सामना कर रहे हैं और दिन का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है।
अगले सात दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में सोमवार और मंगलवार को आसमान साफ रहेगा। बुधवार को शिवरात्रि के मौके पर बादल छाए रहेंगे। इसके बाद गुरुवार से मौसम बदल जाएगा। आसमान पर बादल छाए रहेंगे जिससे हल्की बारिश होने के आसार हैं। शुक्रवार और शनिवार को भी बूंदाबांदी की संभावना है। इस दौरान बादलों का डेरा रहेगा और 20-30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलेगी। रविवार को भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।