श्रीलंका की नौसेना ने तमिलनाडु के मछुआरों पर की गोलीबारी; 2 घायल, 13 लोगों को पकड़ा
- नौसेना का आरोप है कि मछुआरे गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहे थे। बाद में उन्हें श्रीलंका के कांकेसंथुराई फिशिंग हार्बर ले जाया गया। यह बीते 2 दिनों में मछुआरों की गिरफ्तारी की दूसरी घटना है।

तमिलनाडु के मछुआरों पर मंगलवार सुबह गहरे समुद्र में मछली पकड़ते समय श्रीलंकाई नौसेना की गोलीबारी कर दी। इसमें 2 मछुआरे घायल हो गए और 13 को गिरफ्तार कर लिया गया। रिपोर्ट में कहा गया कि 13 मछुआरों को श्रीलंकाई नौसेना ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा पार कर उनके क्षेत्रीय जल में मछली पकड़ने के आरोप में अरेस्ट किया। ये मछुआरे कराईकल के रहने वाले हैं और नेडुंतीवु के पास मछली पकड़ने के दौरान श्री लंकाई नौसेना ने पकड़ लिया। साथ ही, उनकी नावें भी जब्त कर ली गईं।
नौसेना का आरोप है कि मछुआरे गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहे थे। बाद में उन्हें श्रीलंका के कांकेसंथुराई फिशिंग हार्बर ले जाया गया। यह घटना 2 दिनों में मछुआरों की गिरफ्तारी की दूसरी घटना है। इससे पहले, श्रीलंकाई नौसेना ने 34 मछुआरों को गिरफ्तार कर उनकी नावें जब्त कर ली थीं, जिनमें से 32 तमिलनाडु के रामेश्वरम के निवासी हैं। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मछुआरों की गिरफ्तारी पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने सोमवार को विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर को पत्र लिखकर उनकी तत्काल रिहाई सुनिश्चित करने के लिए राजनयिक कदम उठाने का मांग रखी।
सीएम स्टालिन का विदेश मंत्री को पत्र
विदेश मंत्री जयशंकर को लिखे पत्र में स्टालिन ने श्रीलंकाई नौसेना की ओर से नौकाओं को पकड़ने से जुड़ी एक और घटना पर उनका ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि सभी मछुआरे रामेश्वरम बंदरगाह से तीन मशीनीकृत नौकाओं में मछली पकड़ने के लिए गए थे। उन्हें श्रीलंकाई नौसेना ने धनुषकोडी के पास मछली पकड़ने के दौरान गिरफ्तार किया। यह गंभीर चिंता का विषय है और इस पर तुरंत ऐक्शन लिया जाना चाहिए।
'कूटनीतिक कदम उठाने का समय आ गया'
मुख्यमंत्री ने कहा, 'हमारे मछुआरों को बार-बार हिरासत में लिए जाने से तटीय समुदायों के बीच चिंता और आशंका का माहौल उत्पन्न हो गया है। उन्हें अपना भविष्य अनिश्चित और अंधकारमय लग रहा है। श्रीलंकाई नौसेना को हमारे मछुआरों को गिरफ्तार करने से रोकने के लिए ठोस कूटनीतिक कदम उठाने का समय आ गया है। इसलिए मैं आपसे अपील करता हूं कि हमारे मछुआरों की गिरफ्तारी रोकने के लिए राजनयिक माध्यमों से तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें। श्रीलंका के अधिकारियों से सभी गिरफ्तार मछुआरों को रिहा और उनकी नौकाओं को तत्काल छुडवाएं।'