युवाओं के साथ ‘परम मित्र’ वाला नाता, यही बनाएंगे देश को विकसित राष्ट्र: पीएम मोदी
- Prime Minister Modi: प्रधानमंत्री मोदी ने कहा युवाओं के साथ मेरा परम मित्र वाला नाता है। युवा शक्ति का सामर्थ्य ही देश को आजादी के अमृतकाल में विकसित राष्ट्र बनाएगा। इन्ही के सामर्थ्य से हम 10 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनेंगे।

राष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति में इतना सामर्थ्य है कि वह देश को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बना देंगे। पीएम ने कहा कि हो सकता है कि लोगों को यह विकसित भारत का हमारा लक्ष्य मुश्किल लगता हो। लेकिन मुझे विश्वास है कि हम इसे जल्दी ही हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बड़े सपने देखना और उनके प्रति पूरी तरह समर्पित होकर हम किसी भी सपने को पूरा कर सकते हैं।
स्वामी विवेकानंद के जन्म जयंती पर आयोजित विकसित भारत युवा नेता संवाद में पीएम मोदी ने कहा कि किसी भी देश को आगे बढ़ने के लिए महत्वपूर्ण लक्ष्य बनाना चाहिए। फिर उन्हें प्राप्त करने के लिए काम करना चाहिए। किसी लक्ष्य के बिना जीवन बेकार है। वह लक्ष्य ही होते हैं, जो हमें जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखने होंगे और फिर उन्हें पूरा करने के लिए काम करना होगा। आज हमारी भारत सरकार यही कर रही है। हम ज्यादातर लक्ष्यों को समय से पहले ही हासिल करते हैं।
युवा तय कर लें तो समय से पहले विकसित भारत का लक्ष्य हासिल हो जाएगा
प्रधानमंत्री ने देश की युवा आबादी की ताकत और संख्या पर बात करते हुए कहा कि अगर युवा सोच लें तो विकसित भारत का लक्ष्य बहुत जल्दी हासिल हो जाएगा। पीएम ने कहा कि विकसित भारत की भावना अगर युवाओं के हर कदम, नीति और फैसले पर असर डालने लगी तो दुनिया की कोई भी ताकत भारत को विकसित होने से नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि किसी भी देश को आगे बढ़ने के लिए बड़े लक्ष्य तय करने होते हैं। आज का भारत भी इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है।
आजादी का अमृतकाल हमारे लिए शुभ- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के 75 साल पूरे होने से लेकर 2047 तक भारत का अमृतकाल चल रहा है। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा यकीन है कि इस समय में देश की युवा आबादी विकसित भारत के सपने को साकार करेगी। पीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने हाल ही में 2030 तक पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य रखा है, जिसे जल्द ही हासिल कर लिया जाएगा। लेकिन देश को केवल सरकार ही आगे नहीं बढ़ा सकती हम सभी को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत पर केवल मोदी का स्वामित्व नहीं है बल्कि यह इसपर पूरे देश का अधिकार है।
यह लंबी छलांग लगाने का समय- पीएम मोदी
पीएम ने कहा कि हमारे देश को अगले दशक में ओलंपिक की मेजबानी की भी उम्मीद है। हमारी सरकार पूरे समर्पण के साथ इसके लिए कार्य कर रही है। भारत के विकास में उच्च वृद्धि की भूमिका पर जोर देते हुए, मोदी ने याद किया कि कैसे देश की क्षमता और विभिन्न क्षेत्रों में बजट अपनी अर्थव्यवस्था की वृद्धि के साथ बढ़ा है। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे के लिए बजट 10 साल में छह गुना बढ़ा है।
भारतीय अर्थव्यवस्था के दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अगले दशक तक यह 10,000 अरब डॉलर को पार कर जाएगी। लेकिन इसके लिए हमें अपने लक्ष्य को ध्यान में रखकर काम करने की जरूरत है।