प्रियंका गांधी से उनके घर पर मिले फिलिस्तीन के दूत, क्या हुई बात? वायनाड से कनेक्शन
- प्रियंका गांधी ने फिलिस्तीन और भारत के बीच ऐतिहासिक मित्रता का उल्लेख करते हुए गाजा में हो रहे हमलों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चुप्पी की निंदा की।

फिलिस्तीन के चार्ज डी अफेयर्स अबेद एलराजेग अबू जाजेर ने बुधवार को कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा से उनके निवास पर मुलाकात की। जाजेर ने प्रियंका गांधी को वायनाड लोकसभा उपचुनाव में उनकी जीत पर बधाई दी और फिलिस्तीन की स्वतंत्रता के लिए समर्थन प्राप्त होने का भरोसा व्यक्त किया।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, जाजेर ने अपने बयान में कहा, "मैंने प्रियंका गांधी से उनके निवास पर मुलाकात की और वायनाड उपचुनाव में उनकी जीत पर बधाई दी। प्रियंका गांधी ने फिलिस्तीनी जनता की स्वतंत्रता और उनके आत्मनिर्णय के अधिकार के लिए समर्थन का आश्वासन दिया।"
जाजेर ने यह भी बताया कि प्रियंका गांधी ने अपने बचपन के दिनों को याद किया जब उन्होंने फिलिस्तीनी नेता यासिर अराफात से कई बार मुलाकात की थी। प्रियंका ने बताया कि अराफात अक्सर भारत के पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी या राजीव गांधी से मिलने भारत आते थे। उन्होंने कहा कि वे बचपन से ही फिलिस्तीनी मुद्दे से जुड़ी रही हैं और इसे न्यायपूर्ण मानती हैं।
प्रियंका गांधी ने फिलिस्तीन और भारत के बीच ऐतिहासिक मित्रता का उल्लेख करते हुए गाजा में हो रहे हमलों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चुप्पी की निंदा की। उन्होंने गाजा में विनाश, नागरिकों पर हमले, और बच्चों व महिलाओं की मौत पर दुख जताया। प्रियंका ने उन माताओं के प्रति संवेदना व्यक्त की जिन्होंने अपने बच्चों को खो दिया है।
मुलाकात के दौरान, अबू जाजेर ने भारत की पश्चिम एशिया में अहम भूमिका का जिक्र किया और गाजा में संघर्षविराम कराने तथा फिलिस्तीन के अधिकारों के समर्थन में भारत से भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने गाजा में फिलिस्तीनी लोगों के लिए विकास परियोजनाओं में भारत के सहयोग की भी मांग की। इससे पहले, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी यूरोपीय संघ के भारत में राजदूत हर्वे डेल्फिन से मुलाकात की।