अब WhatsApp पर सरकार! इस राज्य ने लॉन्च किया 'मन मित्र', फोन पर मिलेंगी 36 विभाग की 161 सेवाएं
पहले चरण में ऊर्जा, राजस्व, अन्ना कैंटीन, मुख्यमंत्री राहत कोष और नगर निगम विभागों से संबंधित सेवाएं प्रदान की जाएंगी। दूसरे चरण में और भी सेवाएं पेश की जाएंगी।

आंध्र प्रदेश के सूचना और प्रौद्योगिकी मंत्री नारा लोकेश ने गुरुवार को 'मन मित्र' नामक व्हाट्सएप शासन सेवा की शुरुआत की है। इसके तहत राज्यवासियों को 36 विभागों की कुल 161 तरह की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सरकार का मानना है कि इससे लोगों को दस्तावेज प्राप्त करने के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। गुंटूर जिले के उन्दवालली में मुख्यमंत्री के आवास पर 'मन मित्र' सेवा लॉन्च की गई।
पहले चरण में ऊर्जा, राजस्व, अन्ना कैंटीन, मुख्यमंत्री राहत कोष और नगर निगम विभागों से संबंधित सेवाएं प्रदान की जाएंगी। दूसरे चरण में और भी सेवाएं पेश की जाएंगी। लोकेश ने कहा, "हम इसे ऐतिहासिक क्षण मानते हैं। बुनियादी दस्तावेज प्राप्त करने के लिए लोगों को सरकारी दफ्तरों में क्यों आना चाहिए?" उन्होंने बताया कि इस सेवा की अवधारणा उनके दिमाग में पदयात्रा के दिनों से थी।
आधिकारिक तौर पर, मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को इस पहल के विषय में बुधवार को सचिवालय में समीक्षा बैठक में प्रस्तुति दी गई थी।मंत्री ने कहा कि पहले चरण में 161 सेवाएं दी जा रही हैं। दूसरे चरण में 360 सेवाएं उपलब्ध होंगी। भविष्य में कुल 520 सेवाएं इस कार्यक्रम के तहत प्रदान की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आदेश दिया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि लोगों का डेटा साइबर अपराधियों के हाथों में न जाए और साइबर सुरक्षा को मजबूत किया जाए।
आंध्र प्रदेश सरकार ने 22 अक्टूबर 2024 को मेटा के साथ व्हाट्सएप के माध्यम से सेवाओं के विस्तार के लिए समझौता किया था। इस समझौते के तीन महीने और 9 दिन बाद इसे लॉन्च किया गया है। मंत्री ने कहा कि व्हाट्सएप गवर्नेंस सरकार और लोगों के बीच का पुल है। इसके जरिए जब प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे, तो उन पर एक विशेष क्यूआर कोड होगा। यदि आप उस क्यूआर कोड को स्कैन करते हैं, तो लिंक एपी सरकार की वेबसाइट पर चला जाएगा। इससे फर्जी प्रमाण पत्रों के लिए कोई जगह नहीं बचेगी। (भाषा इनपुट्स के साथ)