भारतीय रेलवे का एक और कारनामा; 82वीं वंदे भारत ट्रेन बनकर तैयार, जल्द भरेगी फर्राटा
- भारतीय रेलवे की प्रोडक्शन यूनिट ICF ने वंदे भारत ट्रेन निर्माण में नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। इसने देश की 82वीं वंदे भारत चेयर कार रेक का निर्माण पूरा कर लिया है। यह नई ट्रेन जल्द ही पटरियों पर फर्राटा भरती नजर आएगी।

भारतीय रेलवे की ओर से वित्तीय वर्ष 2024-25 में वंदे भारत कोचों के उत्पादन में गजब की तेजी लाई गई है। स्वदेशी रूप से विकसित इन ट्रेनसेट्स ने रेल यात्रा में एक तरह की क्रांति ला दी है। वंदे भारत ट्रेनों के लॉन्च होने से न केवल यात्रा में लगने वाला समय कम हुआ है, बल्कि देश में रेलवे यातायात को बढ़ावा भी मिला है। वंदे भारत ट्रेन के डिब्बों का निर्माण चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) में किया जा रहा है। मौजूदा वित्त वर्ष में ICF ने अपनी उत्पादन क्षमता को काफी बढ़ा दिया है।
भारतीय रेलवे की प्रोडक्शन यूनिट ICF ने वंदे भारत ट्रेन निर्माण में नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया। इसने देश की 82वीं वंदे भारत चेयर कार रेक का निर्माण पूरा कर लिया है। यह नई ट्रेन जल्द ही पटरियों पर फर्राटा भरती नजर आएगी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रेलवे के एक सीनियर अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 20 फरवरी तक आईसीएफ ने वंदे भारत चेयर कार वैरिएंट की 82वीं रेक को रोल आउट किया। आगामी 31 मार्च तक तीन और रेक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस दिशा में तेजी से काम भी चल रहा है।
3 तरह के कोच वाली वंदे भारत ट्रेनें
आईसीएफ में 3 तरह के कोच वाली वंदे भारत ट्रेनसेट का निर्माण हो रहा है। इनमें 8, 16 और 20 कोच रेक शामिल हैं। वित्त वर्ष 24 तक ICF ने केवल 8 कार और 16 कार कोच का उत्पादन किया था। इस समय देश भर में 136 वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं। इनमें से 8 मध्य रेलवे (CR) और दक्षिण मध्य रेलवे (SCR) के स्वामित्व में हैं। 6 का मालिकाना पूर्वी तट रेलवे (ECOR), पूर्व मध्य रेलवे (ECR) और पूर्वी रेलवे (ER) के पास है। उत्तर मध्य रेलवे (NCR) की ओर से 2 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवाएं संचालित की जा रही हैं। उत्तर पूर्वी रेलवे (NER), पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR), दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) और पश्चिम मध्य रेलवे (WCR) की ओर से 4-4 सेवाएं भी चलाई जा रही हैं। उत्तर रेलवे (NR) सबसे ज्यादा 22 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को ऑपेरट कर रहा है।