कांग्रेस MP की ब्रिटिश पत्नी के ISI लिंक? अब पाकिस्तानी अधिकारी पर केस दर्ज करेगी पुलिस
- कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई पर असम के सीएम ने आरोप लगाया था कि उनकी पत्नी एलिजाबेथ के आईएसआई से लिंक है। अब असम सरकार की तरफ से कहा गया है कि पाकिस्तानी अधिकारी अली तौकीर शेख के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न से जुड़ा विवाद गहराता ही जा रहा है। बीजेपी और असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने उनपर आईएसआई से लिंक होने का आरोप लगाया था। हालांकि रविवार को सरमा ने नरमी जताते हुए कहा कि हो सकता है कि विपक्षी नेता के खिलाफ साजिश की जा रही हो। वहीं गौरव गोगोई ने कहा कि इस मामले में वह कानूनी सहायता लेंगे। असम सरकार ने राज्य सरकार से एक पाकिस्तानी अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने को कहा है। आरोप है कि पाकिस्तान योजना आयोग के सलाहकार अली तौकीर शेख ने राज्य के मामलों में दखल देने की कोशिश की है।
असम के सीएम ने पहले ही कहा था कि गौरव गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ के पाकिस्तानी लिंक का पता लगाने के लिए केस दर्ज किया जाएगा। एलिजाबेथ ब्रिटिश नागरिक हैं। रविवार को असम कैबिनेट ने एफआईआर दर्ज करने को मंजूरी नहीं दी। वहीं शेख के बारे में पता चला है कि पाकिस्तान की सरकार में अहम भूमिका के अलावा वह एक एनजीओ भी चलाते हैं जो कि क्लाइमेट चेंज को लेकर काम करता है। सरमा ने कहा कि इस्लामाबाद में रहने के दौरान एलिजाबेथ भी इस एनजीओ 'लीड पाकिस्तान' के लिए काम करती थीं।
सरमा ने कहा कि पाकिस्तानी अधिकारी अली तौकीर शेख ने सोशल मीडिया के जरिए भी देश मे शांति भंग करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि हाल ही में न्यूज रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट में उसने ऐसी बातें कही हैं जो कि असम के सांप्रदायिक सौहार्द के लिए खतरा हैं। सीएम ने कहा कि जिस तरह से शेख सोशल मीडिया पर भारत के अंदरूनी मामलों और संसदीय मामलों को लेकर बोलता है, उससे शेख के नापाक इरादों का पता चलता है।
वहीं बीजेपी के आरोपों को लेकर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, असम के मुख्यमंत्री ने मेरे सहयोगी गौरव गोगोई के खिलाफ उनको टारगेट करने के लिए अभियान चला दिया है। इस तरह के किसी का भी चरित्र हरण करना बेहद बुरी बात है। इसके लिए कानून का सहारा लेना होगा। उन्होंने कहा कि गौरव गोगोई ने 2024 में सीएम सरमा और अन्य मंत्रियों नो जोरहाट सीट पर खूब दम लगाया था। इसके बाद भी गौरव गोगोई ने इस सीट पर जीत हासिल की। इसके अलावा गौरव गोगोई ने असम में भ्रष्टाचार की पोल खोली।
सरमा ने आरोप लगाया था कि गौरव गोगोई और उनकी पत्नी के आईएसआई से संपर्क हैं। इसके अलावा वह युवाओं को लेकर पाकिस्तानी दूतावास गए थे ताकि उनका ब्रेनवॉश किया जा सके। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी पत्नी ने 12 साल से भारतीय नागरिकता लेने से इनकार कर दिया। इसके अलावा ब्रिटिश नागरिक से शादी करने के बाद संसद भवन में वह संवेदनशील मुद्दे उठाते रहे हैं।