ये 5 सब्जियां बनाते हुए जरूर डालें अजवाइन; ना बनेगी पेट में गैस, स्वाद भी हो जाएगा डबल!
अजवाइन खाने का स्वाद और उसकी खुशबू बढ़ाने का काम करता है। इसके अलावा ये पाचन के लिए भी काफी फायदेमंद होता है। ऐसे में आपको कुछ साब्जियां बनाते हुए अजवाइन जरूर डालना चाहिए ताकि स्वाद और सेहत दोनों बनी रहे।

रोज की सब्जियां बनाते हुए कई मसालों का इस्तेमाल किया जाता है। ये ना सिर्फ खाने को खुशबू और टेस्ट देते हैं, साथ ही सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद होते हैं। इन्हीं में से एक है अजवाइन, जिसका इस्तेमाल कई सारी डिशेज बनाने में किया जाता है। अजवाइन पेट और पाचन के लिए काफी फायदेमंद होता है। ऐसे में अगर आपके पेट में गैस, पेट फूलने, ब्लोटिंग और अपच जैसी समस्या बनी रहती है, तो आपको इसे अपनी डाइट में जरूर शामिल करना चाहिए। आज हम आपको कुछ सब्जियां बता रहे हैं, जिन्हें बनाते हुए आपको अजवाइन जरूर डालना चाहिए। दरअसल कुछ सब्जियां ऐसी होती हैं जो पेट में गैस बनाने का काम करती हैं और आसानी से पचती भी नहीं। ऐसे में अगर आप इन्हें बनाते हुए अजवाइन डालते हैं तो ये ना सिर्फ सब्जी के स्वाद को बढ़ाने का काम करेगा बल्कि आपके हाजमे को भी दुरुस्त रखेगा।
अरबी की सब्जी
अरबी की सब्जी बनाते हुए आपको अजवाइन का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए। यूं तो अरबी सेहत के लिए काफी फायदेमंद होती है लेकिन इसे पचाना काफी मुश्किल होता है। ये पेट में भयंकर गैस और ब्लोटिंग का भी कारण बन सकती है। खासतौर से जिन लोगों के पेट में कोई ना कोई समस्या बनी रहती है; उनके लिए अरबी खाना थोड़ा मुश्किल भरा हो सकता है। इसलिए बेहतर है कि अरबी बनाते हुए थोड़ा सा अजवाइन भी जरूर डालें। इससे स्वाद भी बेहतर होगा और इसे पचाना भी आसान होगा।
गोभी की सब्जी में भी जरूर डालें अजवाइन
पत्तागोभी, फूलगोभी हो या ब्रोकली, इन तीनों तरह की गोभी को बनाते हुए अजवाइन का इस्तेमाल जरूर करें। इससे इनका स्वाद भी बेहतर होगा और साथ ही ये पचाने में भी आसान होंगी। दरअसल गोभी बादी की समस्या को बढ़ाती है। इसे खाने से पेट में भयंकर गैस, ब्लोटिंग, अपच और एसिडिटी जैसी समस्या हो सकती हैं। जिन लोगों को अक्सर पेट से जुड़ी कोई ना कोई शिकायत रहती है, उन्हें गोभी का खानी चाहिए। इसके अलावा अजवाइन का इस्तेमाल भी जरूर करना चाहिए।
अजवाइन से बढ़ेगा आलू का स्वाद
आलू की सूखी सब्जी बना रहे हों या तरी वाली, उसमें अजवाइन का तड़का जरूर लगाएं। इससे आपकी सब्जी बहुत ही ज्यादा टेस्टी बनेगी। इसके अलावा अजवाइन डालने का एक फायदा यह भी है कि आलू से बादी की शिकायत हो सकती है। जिन लोगों को पेट से जुड़ी समस्या रहती है उन्हें आलू पचाने में काफी मुश्किल हो सकती है। ऐसे में अगर आप आलू बनाते हुए अजवाइन का इस्तेमाल करते हैं, तो इन्हें पचाना भी आसान हो जाएगा।
मूली की सब्जी में भी लगाएं अजवाइन का तड़का
मूली की सब्जी में भी अजवाइन का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए। इससे सब्जी का फ्लेवर और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं। मूली में फाइबर और सल्फर मौजूद होते हैं, जो पाचन तंत्र में मौजूद बैक्टीरिया के साथ मिलकर गैस बना सकते हैं। मूली खाने से पेट में गैस, ब्लोटिंग और अपच जैसी समस्या हो सकती हैं। ऐसे में मूली बनाते हुए अगर आप अजवाइन का तड़का लगाते हैं, तो इसे पचाना भी आसान हो जाता है।
बैंगन में भी डालें अजवाइन
बैंगन की सब्जी में अजवाइन डालने से उसका स्वाद और खुशबू दोनों ही काफी बढ़ जाते हैं। इसके अलावा बैंगन की सब्जी भी बादी होती है। इससे पेट में गैस, एसिडिटी और ब्लोटिंग की समस्या हो सकती है। आयुर्वेद के अनुसार जिन लोगों को पेट में गैस की समस्या बनी रहती है, उन्हें बैंगन कम से कम खाना चाहिए। थोड़ा बहुत बैंगन खा भी रहे हैं, तो उसमें चुटकी भर अजवाइन का तड़का जरूर लगाएं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।