युवक के हत्या के मामले में एक महिला सहित पांच गिरफ्तार
सिमडेगा के कुलुकेरा गांव में मनोज तेली की हत्या का मामला सुलझा लिया गया है। पुलिस ने एक महिला सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि मनोज फोन पर कुंती देवी को...

सिमडेगा, जिला प्रतिनिधि। मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित कुलुकेरा गांव में मंगलवार को हुए मनोज तेली नामक युवक के हत्या के मामले का पुलिस ने उदभेदन कर लिया है। बुधवार की सुबह एसपी एम अर्शी ने प्रेसवार्ता में बताया कि मनोज तेली के हत्या के मामले में पुलिस ने एक महिला सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि हत्या के मामले में पुलिस ने गांव के ही कुंती देवी, कृष्ण देहरी, बजरंग देहरी, सुरेंद्र नेगी और विक्की नेगी को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपना जुर्म कबूल भी किया है। एसपी ने बताया कि मृतक मनोज तेली फोन पर अनिरुद्ध पाइक की पत्नी कुंती देवी को परेशान करता था।
साथ ही साथ फोन पर कुंती के पति एंव बच्चे को जान से मारने की धमकी भी देता है। उन्होंने बताया कि मनोज से पीछा छुड़ाने के लिए कुंती देवी ने गिरफ्तार चारो अभियुक्तो के साथ मिलकर मनोज तेली के हत्या की योजना बनाई और इसके बाद कुंती ने मनोज तेली को मिलने के लिए गिरमा नदी तेली घाट के पास बुलाई। जब मनोज कुंती से मिलने पहुंचा तो पांचो लोगों ने मिलकर मनोज के साथ मारपीट की और इसी क्रम में सुरेंद्र नेगी ने क्रिकेट के बल्ले से मनोज के सिर पर वार कर दिया जिससे घटनास्थल पर ही मनोज की मौत हो गई। घटना के बाद पांचो ने मिलकर मनोज के शव को नदी के बगल झाड़ी में छुपा दिया। साथ ही साथ मनोज के मोबाईल फोन को भी करंगागुडी पुल के नीचे फेंक दिया। उन्होंने बताया कि मामले के अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने पांचो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया एवं घटना में प्रयुक्त क्रिकेट का बल्ला, मृतक मनोज का मोबाईल फोन और बजरंग देहरी एंव सुरेंद्र नेगी का खून लगा कपड़ा बरामद किया गया है। मौके पर एसडीपीओ बैजु उरांव, थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, एसआई सिमल मांझी आदि उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।