Hindi NewsJharkhand NewsRanchi NewsResidents of Lohra Toli Struggle for Basic Amenities Despite Proximity to Ranchi

बोले रांची: पक्की सड़क, पानी, शौचालय का हक मांग रहे

रांची के पास लोहरा टोली के लोग बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। पानी, शौचालय, पक्की सड़क और साफ-सफाई की समस्याएँ हैं। नगर निगम और सरकार की अनदेखी के कारण लोग स्वास्थ्य सुविधाओं और सरकारी लाभ...

Newswrap हिन्दुस्तान, रांचीWed, 19 Feb 2025 12:11 AM
share Share
Follow Us on
बोले रांची: पक्की सड़क, पानी, शौचालय का हक मांग रहे

रांची, संवाददाता। पुंदाग के लोहरा टोली के लोग बुनियादी सुविधाओं से लड़ रहे हैं। राजधानी से सटे रहने के बावजूद विकास और जरूरी सुविधाओं की कमी के कारण उपेक्षा के शिकार हैं। लोगों के लिए एक भी शहर जैसी सुविधा नहीं है। यहां के ज्यादातर निवासी दिहाड़ी का काम कर गुजर-बसर करते हैं। इन्हें मोहल्ले में स्वच्छ पानी, शौचालय, पक्की सड़क और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधा नहीं मिलती है। लोगों का कहना है कि नगर निगम और सरकार का उनकी समस्याओं की ओर ध्यान ही नहीं है। राजधानी रांची के अरगोड़ा से चार किलोमीटर दूर स्थित लोहरा टोली में समस्याओं का अंबार लगा है। यहां के लोगों को एक भी शहर जैसी सुविधा नहीं मिलती है। यहां के निवासी कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। नगर निगम और राज्य सरकार की ओर से ध्यान नहीं देने से लोग बुनियादी सुविधाओं और सरकारी लाभ की योजनाओं से वंचित हैं।

क्षेत्र में पानी की समस्या सबसे गंभीर है। सरकारी चापानल काफी समय से खराब पड़े हैं। असामाजिक तत्वों ने चापानल के पुर्जे तोड़कर बेच दिए हैं। कुछ घरों में कुंए हैं, लेकिन गर्मी के दिनों में वे सूख जाते हैं। लोग एक मात्र सरकारी बोरिंग पर निर्भर रहते हैं। लोगों को पानी के अभाव में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कपड़ा धोने के लिए 3 किलोमीटर दूर नदी जाना पड़ता है, जिससे परेशानपी के साथ समय की भी बर्बादी होती है।

हर घर नल जल योजना के तहत पानी नहीं, सिर्फ पाइप

बसंत कुमार महतो ने बताया कि तीन साल पहले हर घर नल जल योजना के तहत इस क्षेत्र में भी पाइप बिछाया गया था, लेकिन उसमें पानी अब तक नहीं आया है। इससे लोगों में निराशा है। लोगों का कहना है कि योजना को जल्द से जल्द शुरू करना चाहिए, जिससे कि जलसंकट दूर हो सके। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सरकारी चापानलों को भी ठीक किया जाना चाहिए। पानी की कमी से लोगों को साफ-सफाई रखने में भी परेशानी होती है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

जर्जर सड़क बढ़ा देती है लोगों की परेशानी

अरगोड़ा चौक से पुंदाग जाने वाले रास्ते में लगभग चार किलोमीटर पर लोहरा टोली है, यहां सड़क की स्थिति बहुत खराब है। जगह-जगह से सड़क टूट गई है और उस पर गड्ढे बन गए हैं। इससे लोगों को आने-जाने में बहुत परेशानी होती है। खासकर बरसात के दिनों में तो स्थिति और भी ज्यादा खराब हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाता है और लोगों को पता नहीं चलता कि कहां गड्ढा है और कहां नहीं। इससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती है। सड़क के किनारे नाली भी नहीं है। जिस कारण घरों के ड्रेनेज का गंदा पानी सड़कों पर फैला रहता है। गंदे पानी के कारण पूरे इलाके में बदबू फैल जाती है। इससे बीमारी फैलने का खतरा बना रहता है। गंदा पानी जमा होने से मच्छर भी बढ़ जाते हैं,इससे मलेरिया और डेंगू के फैलने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोग सरकार से जल्द से जल्द सड़क मरम्मत कराने की मांग कर रहे हैं।

घरों में नहीं है शौचालय

लोहरा टोली में कई घरों में शौचालय नहीं बने हैं। कई कच्चे घर हैं। लोगों ने कहा कि उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। वे अपने घर की मरम्मत कराने की स्थिति में नहीं हैं, ऐसे में शौचालय का निर्माण कैसे करवाएं। वे खुद कहते हैं कि ओडिएफ घोषित लोहरा टोली में लोग खुले में शौच जाने को मजबूर हैं। लोगों ने कहा कि जिन लोगों को सरकारी सहायता मिलनी चाहिए उन्हें ही इसका लाभ नहीं मिल रहा है। लोगों ने सरकारी योजना के तहत पक्के घर और शौचालय की मांग सरकार से की।

सरकारी मोहल्ला क्लिनिक का हो निर्माण

लोहरा टोली के लोग आर्थिक रूप से कमजोर हैं। उन्होंने कहा कि छोटी बीमारी में भी काफी पैसा खर्च करना पड़ता है। अधिक बीमार होने की स्थिति में सदर अस्पताल का रूख करते हैं। उन्होंने सकरार से क्षेत्र में मोहल्ला क्लिनिक खोलने की मांग की है, जहां दवा भी उपलब्ध हो। आयुष्मान योजना से जोड़ने की भी मांग रखी। लोगों ने कहा कि लोहरा टोली से जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दूकान काफी दूर है। मोहल्ले में एक पीडीएस दूकान खोलने की मांग की। वहीं जिन लोगों का राशन कार्ड नहीं बना है उनका बनाया जाए। कैंप लगाकर सामाजिक सुरक्षा की योजनाओं का लाभ दिलाने। की मांग की।

स्ट्रीट लाइट खराब सड़कों पर अंधेरा

लोहरा टोली में लगीं स्ट्रीट लाइट खराब हैं। इलाके में पथ प्रकाश की व्यवस्था तो की गई, लेकिन अधिकांश स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं। अगर कुछ ठीक भी हैं तो उनका कवर टूटा है। कई जगह तो स्विच ही खराब पड़े हैं, इससे लाइट खराब पड़ी हैं, जो रात में जलते ही नहीं हैं। लोगों को रात में आवाजाही में परेशानी होती है।

पेंशन जैसी योजनाओं से वंचित हैं क्षेत्र के लोग

लोहरा टोली के लोगों ने कहा कि मोहल्ले के 90 प्रतिशत विधवा महिलाओं को पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है। इसके अलावा समाजिक सुरक्षा के तहत मिलने वाले वृद्धा और दिव्यांग पेंशन से भी लोग वंचित हैं। लोगों ने कहा, विभाग मोहल्ले में कैंप लगाकर समाजिक सुरक्षा की योजना से जरूरतमंद को जोड़ने की पहल करे।

निगम के सफाईकर्मी दस दिन पर आते हैं

लोगों ने कहा कि साफ-सफाई का अभाव है। नगर निगम के सफाईकर्मी दस दिन में एक बार आते हैं। कहा कि यहां के लोग होल्डिंग टैक्ट भरते हैं, लेकिन निगम की ओर से उन्हें अनदेखा किया जा रहा है। क्षेत्र में गंदगी का अंबार लगा रहता। लोग सफाईकर्मियों की राह देखते रहते हैं। क्षेत्र में ड्रेनेज की भी व्यवस्था नहीं है।

कौशल विकास केंद्र खोला जाए

लोहरा टोली के युवाओं ने अपने क्षेत्र में कौशल विकास केंद्र खोलने की मांग की है। उनका कहना है कि यहां के लोग दिहाड़ी मजदूरी करने को मजबूर हैं, इससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार नहीं हो पा रहा है। युवाओं का मानना है कि कौशल विकास केंद्र खुलने से उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस क्षेत्र में कौशल विकास केंद्र खोलकर पुरुषों के लिए कंप्यूटर ट्रेनिंग, इलेक्ट्रीशियन जैसे कोर्स संचालित किए जाएं, ताकि वे रोजगार से जुड़ सकें। इसके साथ ही महिलाओं को सिलाई, ब्यूटीशियन जैसे कोर्स सिखाकर आत्मनिर्भर बनाने की भी पहल की जाएं।

समस्याएं

1. बिजली के पोल पर तारों का मकड़जाल, स्ट्रीट लाइट भी खराब।

2. लोहरा टोली के सड़क की हालत जर्जर, नहीं है नाली की व्यवस्था।

3. एक बोरिंग के सहारे लोहरा टोली के सैंकड़ों लोग, चापानल भी खराब।

4. वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन जैसे समाजिक सुरक्षा स्कीम से वंचित हैं लोग।

5. लोहरा टोली में नहीं है सरकारी स्वास्थ्य केंद्र की सुविधा, सरकारी दवाखाना भी नहीं।

सुझाव

1. बिजली के पोल पर लटके तारों को व्यवस्थित किया जाए, स्ट्रीट लाइट को निगम ठीक कराए।

2. लोहरा टोली में सड़क मरम्मत कार्य जल्द से जलद शुरू हो नाली का भी निर्माण हो।

3. हर घर नल जल योजना का लाभ मिले, खराब चापानल को ठीक कराया जाए।

4. वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन जैसे समाजिक सुरक्षा स्कीम से लोगों को जोड़ा जाए।

5. मोहल्ले में सरकारी मोहल्ला क्लिनिक की व्यवस्था हो, जहां लोगों को नि:शुल्क दवा मिले।

:: बोले लोग ::

लोहरा टोली में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है। शाम होते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है, इससे राहगीरों और निवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अंधेरे के कारण आपराधिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है। वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन जैसे लाभ से भी यहां के लोग वंचित हैं।

-बसंत कुमार महतो

क्षेत्र में कौशल विकास केंद्र की जरूरत है। इससे युवाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। सड़क की स्थिति काफी खराब है। जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। साथ ही नाली नहीं होने से घरों का गंदा पानी भी सड़कों पर फैला रहता है। बिजली के पोल पर लगे स्ट्रीट लाइट खराब हैं। सरकार और निगम प्रशासन इस ओर ध्यान दे।

-शक्ति कुमार

लोहरा टोली में सरकारी स्वास्थ्य केंद्र की सुविधा मिलनी चाहिए। जन वितरण प्रणाली दुकान नहीं होने से राशन लेने में परेशानी होती है। नगर निगम व प्रशासन ध्यान दे।

-विष्णु लोहरा

नगर निगम द्वारा सफाई की व्यवस्था नहीं होने से लोहरा टोली में गंदगी का अंबार लगा रहता है। जगह-जगह कूड़े के ढेर और नालियों में जमा गंदगी बीमारी को दावत देती है।

-काती नायक

सामाजिक सुरक्षा के तहत वृद्धा और दिव्यांग पेंशन से भी लोग वंचित हैं। विभाग मोहल्ले में कैंप लगाकर लोगों को सरकारी लाभ की योजनाओं से जोड़ने की पहल करे।

-देवीलाल लोहरा

लोहरा टोली के कई घरों में शौचालय नहीं है। लोग खुले में शौच जाने को मजबूर हैं। लोगों की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। नगर निगम और राज्य सरकार ध्यान दे।

-धरती साहू

लोहरा टोली में सरकारी मोहल्ला क्लिनिक की सख्त जरूरत है। छोटी बीमारी के इलाज के लिए भी दूर के अस्पतालों में जाना पड़ता है, जिससे काफी परेशानी होती है।

-काली लोहरा

लोहरा टोली में पानी की समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है। यहां के लोगों को पानी के लिए तीन किमी दूर नदी तक जाना पड़ता है। जिम्मेदारों का हमारी ओर ध्यान ही नहीं है।

-राजेंद्र लोहरा

लोहरा टोली में सैंकड़ों की आबादी वाली बस्ती में पानी की समस्या सबसे गंभीर है। यहां पानी की कोई स्थाई व्यवस्था नहीं है। कुएं भी गर्मी के दिनों में सूख जाते हैं।

-देवानंद लोहरा

यहां पानी कि बड़ी किल्लत है। एक बोरिंग के सहारे लोहरा टोली के सैंकड़ों लोग हैं। चापानल काफी समय से खराब हैं। सरकारी मोहल्ला क्लिनिक की भी बड़ी जरूरत है

-सोहराय लोहरा

लोहरा टोली में कौशल विकास केंद्र की स्थापना से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। युवाओं को विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण दे आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।

-राजेश लोहरा

लोहरा टोली में जन वितरण प्रणाली की दुकान नहीं होने से निवासियों को राशन लेनेे के लिए काफी दूर जाना पड़ता है। यहां दुकान खुलने से काफी सुविधा होगी।

-जलेश्वर महतो

सड़क किनारे नालियों का निर्माण नहीं होने से पानी सड़क पर बहता रहता है, इससे गंदगी और फिसलन होती है। दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।

-सोहराय नायक

लोहरा टोली की सड़कें जर्जर हालत में हैं। इससे आवागमन में परेशानी होती है, खासकर बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। नाली भी नहीं है।

-कृष्णा प्रजापति

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें