दोषियों को जल्द गिरफ्तार करे प्रशासन
दोषियों की गिरफ्तार नहीं होने पर सांसद मनीष जायसवाल ने दी 27 फरवरी से अनिश्चित कालीन धरना में बैठने की चेतावनी गोला प्रखंड के सोसोकलां गांव में बीते 4

गोला, निज प्रतिनिधि। गोला प्रखंड के सोसोकलां गांव में बीते 4 फरवरी को मां सरस्वती के प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए पथराव मामले के आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इस मामले पर सांसद मनीष जायसवाल ने प्रशासन से दोषियों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि गिरफ्तारी नहीं होने पर वे 27 फरवरी से गोला थाना परिसर में अनिश्चित कालीन धरना में बैठ जाएंगे। इस मामले को लेकर जिला सांसद प्रतिनिधि राजीव जयसवाल रविवार को सांसद के निर्देश पर सोसोकलां गांव पहुंचे और पीड़ित ग्रामीणों के साथ बैठक की। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि ने प्रशासन की ओर से की जा रही अबतक की कर्रवाई की जानकारी ली। सांसद प्रतिनिधि ने कहा कि प्रशासन ने इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। तय समय पर अगर प्रशासन किसी की गिरफ्तारी नहीं होती है तो 27 फरवरी से लोकतांत्रिक अधिकार के अनुरूप आंदोलन किया जाएगा। जिसमें गोला में अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। जिसमें सांसद मनीष जायसवाल ग्रामीणों के साथ धरना में बैठेंगे। इस धरना में हजारों की संख्या में लोग भाग लेंगे। सांसद प्रतिनिधि ने ग्रामीणों को आश्वश्त किया कि आपकी लड़ाई को लड़ने के लिए सांसद तैयार हैं। आपके साथ कदम से कदम मिलाकर सांसद चलेगें और मुकाम को हासिल करेंगे।
बताया जाता है कि उक्त दिन सरस्वती पूजा के विसर्जन जुलूस के दौरान दो समुदाय के बीच विवाद हो गया था। मां सरस्वती की प्रतिमा विसर्जन को लेकर जुलूस निकाला गया था। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं व बच्चियां शामिल थीं। रिक्शे पर मां सरस्वती की प्रतिमा को लेकर जुलूस आगे बढ़ रही थी कि अचानक एक विशेष समुदाय के लोगों ने विरोध जताते हुए विसर्जन जुलूस को रोकने का प्रयास किया। जिसके बाद विवाद बढ़ गया और समुदाय विशेष के लोगों ने जुलूस में पथराव कर दिया। जिससे कई श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस घटना के बाद सांसद मनीष जायसवाल खुद सोसोकलां गांव पहुंचकर पीड़ितों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली थी। उन्होंने इस घटना को लोकसभा में प्रमुखता से उठाया था। सांसद ने इस घटना की निंदा करते हुए प्रशासन को पंद्रह दिनों का समय देते हुए दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने को कहा था। मौके पर मंडल अध्यक्ष बबलू साव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष स्नेहलता चौधरी, धनेश्वर ठाकुर, राजकुमार दास, राजकिशोर ठाकुर, विजय महतो, जया देवी, अनीता देवी, प्रमोद प्रजापति, मनु देवी, पूरण महतो, सुखदेव प्रजापति, विक्की कुमार, प्रमोद रजवार सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।