झारखंड के 3 जिलों में हैं पाकिस्तानी नागरिक, अब उनके साथ क्या करेगी सरकार? पुलिस ने बताया
पहलगाम हमले के बाद भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजा जा रहा है। इस दौरान पता चला है कि झारखंड के तीन जिलों में भी पाकिस्तानी नागरिक रह रहे हैं। अब सरकार उनके साथ क्या करेगी? पुलिस ने बताया है।

पहलगाम हमले के बाद भारत में वीजा लेकर रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को अब देश छोड़ना होगा। भारत सरकार के इस आदेश के बाद पाकिस्तानी नागरिकों में हलचल मची हुई है। झारखंड में भी पाकिस्तान के 10 नागरिक अभी रह रहे हैं, जिनमें तीन नाबालिग हैं। ये पाकिस्तानी नागरिक रांची, जमशेदपुर और हजारीबाग में रह रहे हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इनमें सात को लॉन्ग टर्म वीजा प्राप्त है, जबकि तीन पाकिस्तानी नाबालिक बच्चे हैं। तीनों फिलहाल अपने ननिहाल में हैं। ये कब पाकिस्तान जाएंगे इस पर फैसला लिया जा रहा है। राजधानी रांची में भी चार पाकिस्तानी नागरिकों को चिह्नित किया गया है। इनमें डोरंडा के मनीटोला वसी चौक के पास रह रहे तीन नाबालिग और हिंदपीढ़ी में रहा रहा एक व्यक्ति है। तीन नाबालिगों की मांएं रांची की हैं। उनकी शादी पाकिस्तान के नागरिक से हुई है और बच्चों की नागरिकता भी पाकिस्तान की है। शनिवार को पुलिस इन बच्चों के घर गयी और सरकार के आदेश से अवगत कराया।
पाकिस्तान की नागरिकता के कारण बच्चों को वापस भेजना होगा। लेकिन बच्चे पाकिस्तान कैसे जाएंगे, इसे लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गयी। इस मामले में पुलिस-प्रशासन केंद्रीय गृह और विदेश मंत्रालय से संपर्क कर आगे की प्रक्रिया करने में जुटा है। बच्चों की उम्र दो से 10 साल के बीच है। बच्चे अपने नाना-नानी के पास इसी साल जनवरी में मां के साथ रांची आए थे।
सात पाकिस्तानी नागरिक लॉन्ग टर्म वीजा पर
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा यह निर्देश दिया गया है कि लॉन्ग टर्म वीजा वाले पाकिस्तानी नागरिकों को वापस पाकिस्तान फिलहाल नहीं भेजना है। इसके अलावा मेडिकल वीजा पर आए पाकिस्तानी नागरिक भी फिलहाल भारत छोड़कर पाकिस्तान नहीं जाएंगे। झारखंड में 10 में जो सात पाकिस्तानी लॉन्ग टर्म वीजा पर हैं, ऐसे में उनकी वापसी फिलहाल नहीं होगी।