झारखंड चुनाव नतीजों में किसका एग्जिट पोल पास, किनके हो गए फेल; कौन सबसे करीब?
Jharkhand Vidhan Sabha Chunav Results: झारखंड विधानसभा चुनावों की काउंटिंग से मिल रहे रुझानों में जेएमएम की अगुवाई वाला गठबंधन जीत की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। इस रिपोर्ट में जानें झारखंड में कितने पास हुए एग्जिट पोल...

झारखंड में जेएमएम की अगुवाई वाला गठबंधन जीत की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 81 सदस्यीय राज्य विधानसभा में हेमंत सोरेन की जेएमएम के नेतृत्व वाला गठबंधन कम से कम 50 सीटों पर आगे चल रहा है। आक्रामक प्रचार अभियान के बावजूद झारखंड में जीत को लेकर आश्वस्त दिख रही भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए का प्रदर्शन उम्मीदों से भी खराब रहा। इस रिपोर्ट में इस बात की पड़ताल कि झारखंड में कितने पास हुए एग्जिट पोल...
एक्सिस माय इंडिया का एग्जिट पोल करीब
एक्सिस माय इंडिया का एग्जिट पोल चुनाव नतीजों के करीब नजर आ रहा है। एक्सिस माय इंडिया ने अपने एग्जिट पोल में कहा था कि झारखंड में जेएमएम की अगुवाई वाले 'इंडिया' गठबंधन की सरकार बन सकती है। 'INDIA' को 53 सीटों पर जीत मिल सकती है जबकि एनडीए के खाते में 25 सीटें जा सकती हैं। अन्य के खाते में 1 सीट जाने का अनुमान जताया गया था। अब 'INDIA' जीत का जादुई आंकड़ा पार करता नजर आ रहा है।
मैटराइज का एग्जिट पोल फेल
मैटराइज के एग्जिट पोल में भाजपा की अगुआई में एनडीए की जीत की भविष्यवाणी की गई थी। एनडीए को 42 से 47 सीटें जबकि 'इंडिया' गठबंधन को 25 से 30 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया था। अन्य को 1-4 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया था।
पी मार्क का एग्जिट पोल पास
पी मार्क के एग्जिट पोल ने एनडीए और इंडिया गठबंधन के बीच करीबी मुकाबला बताया था। हालांकि, इसने झारखंड मुक्ति मोर्चा के अगुआई वाले गठबंधन को 37 से 47 सीटें मिलने की बात कही थी जबकि भाजपा को 31 से 40 सीटें मिलने का अनुमान जताया था।
टाइम्स नाउ जेवीसी का भी एग्जिट पोल फेल
टाइम्स नाउ जेवीसी के एग्जिट पोल में एनडीए को 40 से 44 सीटें जबकि 'इंडिया' गठबंधन को 30-40 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया था। अन्य के खाते में एक सीट जाने की बात कही गई थी।
पीपल्स पल्स बुरी तरह फेल
पीपल्स पल्स ने भाजपा को 42 से 48 जबकि आजसू को 2-5 सीटों पर जीत मिलने का अनुमान जताया था। इस हिसाब से एनडीए गठबंधन को 50 पार जबकि जेएमएम को 16-23, कांग्रेस को 8-14 सीटें मिलने की बात कही गई थी।
एआई वाला एग्जिट पोल भी फेल
जी न्यूज का एआई एग्जिट पोल भी फेल हो गया है। इसने भाजपा को 36 से 41 जबकि 'इंडिया' गठबंधन को 39 से 44 सीटें मिलने की बात कही थी। अन्य के खाते में 3 सीटें जाने का अनुमान दिया था।
चाणक्य स्ट्रैटिटीज का एग्जिट पोल भी धराशाई
चाणक्य स्ट्रैटिटीज के एग्जिट पोल में INDIA गठबंधन को 35 से 38 जबकि भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए को 45 से 50 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया था। अन्य के खाते में 3 से पांच सीटें जाने का अनुमान था।