को-ऑपरेटिव कॉलेज को मिलेगा स्टेट ऑफ द आर्ट कॉलेज का दर्जा
कोल्हान विश्वविद्यालय के तीन कॉलेजों को स्टेट ऑफ द आर्ट कॉलेज का दर्जा मिलेगा। यह दर्जा आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और तकनीकों पर आधारित उच्च शिक्षा प्रदान करने के लिए दिया जाता है। झारखंड सरकार ने इन...

कोल्हान विश्वविद्यालय के तीन अंगीभूत कॉलेजों को स्टेट ऑफ द आर्ट कॉलेज का दर्जा दिया जाएगा। यह दर्जा उन कॉलेजों को दिया जाता है, जहां परंपरागत शिक्षा व्यवस्था से अलग आधुनिक तौर-तरीकों और नवीनतम तकनीकों पर आधारित संसाधनों के माध्यम से उच्च शिक्षा प्रदान की जाती है। जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज, जेएलएन कॉलेज चक्रधरपुर और बहरागोड़ा कॉलेज बहरागोड़ा को यह दर्जा दिया जा रहा है। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने इन कॉलेजों को स्टेट ऑफ द आर्ट कॉलेज बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए अलग से विकास फंड भी उपलब्ध कराए जाएंगे। दरअसल, झारखंड सरकार ने अत्याधुनिक तरीकों से उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य के 11 सरकारी कॉलेजों को स्टेट ऑफ द आर्ट का दर्जा देने की सहमति दी है। इन कॉलेजों का विकास और जीर्णोद्धार विशेष रूप से किया जाएगा। साथ ही सभी में नए भवनों का निर्माण भी होगा। कोल्हान विश्वविद्यालय के इन तीन कॉलेजों को यह दर्जा देने का मुख्य उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं और समग्र माहौल को बेहतर बनाना है। सरकार ने इन कॉलेजों के विकास के लिए एक व्यापक योजना भी तैयार की है।
कॉलेजों का होगा जीर्णोद्धार और विस्तार
राज्य सरकार ने घोषणा की है कि इन कॉलेजों में विकास कार्यों के साथ-साथ उनका जीर्णोद्धार भी किया जाएगा। इसके तहत नए भवनों का निर्माण कर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। दरअसल, स्टेट ऑफ द आर्ट कॉलेज का अर्थ है ऐसा कॉलेज जो अत्याधुनिक तकनीकों, सुविधाओं और शिक्षण विधियों से सुसज्जित हो। इससे छात्रों को उत्कृष्ट शैक्षणिक अनुभव मिल सकेगा। इन कॉलेजों में केवल नए उपकरण ही नहीं होंगे, बल्कि अभिनव प्रयोगों एवं शिक्षण पद्धतियों के माध्यम से पठन-पाठन कराया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।