आईआईटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई करना चाहते स्टेट टॉपर आर्यन
जमशेदपुर के आर्यन मिश्रा ने जेईई मेन 2025 में ऑल इंडिया रैंक 40 हासिल कर झारखंड में टॉप किया है। डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्र, आर्यन ने गणित में 96 अंक और फिजिक्स, केमिस्ट्री में 95-95 अंक प्राप्त किए।...
जमशेदपुर के कदमा स्थित दिंदली एनक्लेव (सोनारी एयरपोर्ट के सामने) निवासी आर्यन मिश्रा ने जेईई मेन 2025 में ऑल इंडिया रैंक 40 पाकर झारखंड टॉप किया है। डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्र आर्यन के पिता अखिलेश मिश्रा टाटा स्टील में कार्यरत हैं और मां नीतू मिश्रा गृहिणी हैं। दोनों ही अपने बेटे की सफलता से खासे खुश हैं। आर्यन अब एडवांस की तैयारी में लगे हैं और 18 मई को होने वाले एडवांस में भी अच्छा रैंक लाकर आईआईटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस कर भविष्य में गणित के क्षेत्र में रिसर्च करना चाहते हैं। गणित उनका सबसे पसंदीदा विषय है। गणित में उन्होंने जेईई में 96 अंक प्राप्त किए हैं, जबकि फिजिक्स और केमिस्ट्री में उन्हें 95-95 अंक मिले हैं। आर्यन ने पेपर-1 में 300 में से 275 और पेपर-2 में 300 में से 286 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक 40 और 99.999 परसेंटाइल प्राप्त किए हैं। आर्यन ने जेईई की तैयारी के लिए कोचिंग की थी। सीबीएसई की दसवीं बोर्ड में आर्यन स्कूल में 98.6% अंक प्राप्त कर सेकेंड टॉपर बने थे। आर्यन ने बताया कि वह रोजाना 10 से 12 घंटे पढ़ाई करते थे। साथ ही 8 घंटे की नींद लेना भी उनके रूटीन में था। आर्यन के मुताबिक इससे उन्हें अगले दिन पढ़ाई के लिए ऊर्जा बनी रहती थी। आर्यन बताते हैं कि माता-पिता ने उनकी सफलता में बड़ा योगदान दिया है। आर्यन बताते हैं कि जब भी वह मानसिक रूप से थक जाते थे तो टीवी देखते थे। वे दिमाग को तरोताजा रखने के लिए टीवी पर कॉमेडी सीरियल देखते हैं। आर्यन के मुताबिक पढ़ाई को दबाव की तरह लेने से अच्छा रिजल्ट लाना मुश्किल होता है, इसलिए पढ़ाई को एंजॉय करना चाहिए। इससे आप कितनी नई चीजें सीखते हैं। उसपर ध्यान देना चाहिए। इससे आप ही पढ़ने में रुचि आएगी और परिणाम अच्छा होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।