सऊदी अरब से दो महीने बाद पहुंचा प्रवासी मजदूर का शव
बगोदर प्रखंड के खेतको गांव के प्रवासी मजदूर हीरामन महतो का शव दो महीने बाद सऊदी अरब से गांव पहुंचा। 8 दिसंबर को उसकी मृत्यु हुई थी। शव के पहुंचते ही परिवार के सदस्य और ग्रामीण शोक में डूब गए। विधायक...

बगोदर, प्रतिनिधि। बगोदर प्रखंड के खेतको के रहनेवाले प्रवासी मजदूर का शव दो महीने बाद सऊदी अरब से गांव पहुंचा है। बुधवार शाम में शव जैसे ही खेतको गांव पहुंचा ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोग शव का अंतिम दर्शन करने के लिए जुटे हुए थे। इधर शव पहुंचते ही परिजनों के चित्कार से माहौल गमगीन हो गया। पत्नी और बच्चों का रो- रोकर बुरा हाल हो गया था। शव आने पर विधायक नागेन्द्र महतो भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी शव का अंतिम दर्शन किया। उन्होंने घटना को दुखद बताते हुए परिजनों को इस दुख की घड़ी में हिम्मत बंधाई। बता दें कि खेतको के प्रवासी मजदूर हीरामन महतो सऊदी अरब में रहकर एक कंपनी में मजदूरी करता था। दो महीने पूर्व 8 दिसंबर को उसकी वहीं पर मौत हो गई थी। शव नहीं पहुंचने से परिवार परेशान और चिंतित रह रहे थे। दो महीने बाद बुधवार को शव गांव पहुंचा है। इधर प्रवासी मजदूरों के हितार्थ काम करने वाले सिकंदर अली भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह पहली घटना नहीं है। इसके पूर्व भी विदेशों से कई महीने बाद शव आने का रिकॉर्ड है। बताया जाता है कि पीड़ित परिजनों को मुआवजा दिए जाने का समझौता भी कंपनी के साथ हो गई है। कंपनी के द्वारा पीड़ित परिजनों को 11 लाख 70 हजार रुपए मुआवजा देने की सहमति बनी है। विधायक नागेन्द्र महतो के द्वारा मुआवजा दिलाने के लिए पहल की गई थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।