जमुआ में तैयार पिस्टल का तीन राज्यों में होता था सप्लाई
गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र में एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। इस फैक्ट्री से पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में पिस्टल सप्लाई होती थी। पुलिस ने छह महीने में 30 पिस्टल की सप्लाई का...

लक्ष्मी/संदीप गिरिडीह। जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के चपरयामो के मिनी गन फैक्ट्री में तैयार पिस्टल की सप्लाई तीन राज्यों तक होती थी। यहां तैयार पिस्टल डिमांड के अनुसार पश्चिम बंगाल, बिहार एवं झारखण्ड के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई किया जाता था। लगभग छह माह से यह मिनी गन फैक्ट्री यहां संचालित थी। इन छह माह में यहां तैयार किये गये 30 पीस अवैध देशी पिस्टल की सप्लाई की जा चुकी है। पिस्टल का निर्माण और फिनिसिंग मुंगेर के कारीगरों द्वारा की जाती थी। इन कारीगरों को पिस्टल के निर्माण में महारथ हासिल था। इस फैक्ट्री के खुलासे में बंगाल एसटीएफ का अहम योगदान रहा है। बंगाल एसटीएफ द्वारा मिनी गन फैक्ट्री से संबंधित सूचना एटीएस झारखण्ड को दी गई थी। इसके बाद एटीएस झारखण्ड ने इसकी जानकारी एसपी डॉ बिमल कुमार को दी और फिर गिरिडीह पुलिस ने मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा कर लिया।
कौन-कौन हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार लोगों में जमुआ थाना क्षेत्र के चपरयामो निवासी दयमुद्दीन, बिहार के मुंगेर जिले के कासिम बाजार थाना क्षेत्र के हसरतगंज चौक निवासी मो इमरान, मो सोनू, मो शकील, मो अफरोज एवं मुंगेर जिले के रामनगर थाना इलाके के सफियाबाद निवासी रूपेश शर्मा शामिल हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इसमें शामिल मुख्य आरोपी फरार है। इसमें अन्य लोगों की भी संलिप्तता है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
क्या-क्या हुआ बरामद : मिनी गन फैक्ट्री से मिलिंग मशीन 02 पीस, लेथ मशीन 01 पीस, ड्रीलिंग मशीन 01 पीस, डीजी जेनरेटर 15 केवीए का 01 पीस, अर्धनिर्मित आकार का लोहे का पिस्टल 10 पीस, अर्धनिर्मित आकार का बट 10 पीस, लोहे के पिस्टल का बैरल का हिस्सा 31 पीस, लोहे के पिस्टल तैयार करने हेतु चतुभूज आकार का लोहे का टुकड़ा 06 पीस, लोहे का पती अलग-अलग साईज का 39 पीस एवं एक बिहार नंबर की बाइक बरामद की गई है। इसके अलावा मकान मालिक मो दयमुद्दीन के पॉकेट से 17 हजार 500 रूपये नकद एवं एक मोबाइल बरामद किया गया है।
पकड़ाए तीन कारीगरों का है अपराधिक इतिहास: मिनी गन फैक्ट्री मामले में मुंगेर के पकड़े गये पांच में से तीन कारीगरों का अपराधिक इतिहास है। तीनों मुंगेर जिले के कासिम बाजार थाना क्षेत्र के हजरत गंज चौक निवासी हैं। मो सोनू व मो इमरान के विरूद्ध बिहार के खुशरुपुर थाना में कांड संख्या 295/2020 दर्ज है। यह मामला आर्म्स एक्ट से संबंधित है। वहीं मो अफरोज के विरूद्ध बिहार के बांका जिले के शंभूगंज थाना में कांड संख्या 94/2023 दर्ज है। यह मामला भी आर्म्स एक्स से संबंधित है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।