खूब मनमानी कर रहे टोटो-ऑटो के चालक
न्यू गिरिडीह रेलवे स्टेशन में ऑटो चालकों की मनमानी से यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। मुख्य गेट पर ऑटो-टोटो की भीड़ के कारण जाम लग जाता है और यात्रियों को बाहर निकलने में कठिनाई होती है। रात के...

बेंगाबाद, प्रतिनिधि। न्यू गिरिडीह रेलवे स्टेशन में ऑटो चालकों की मनमानी सिर चढ़कर बोल रही है। ऑटो चालकों की इस मनमानी से यात्रियों के अलावा रेल कर्मी भी परेशान हैं। प्लेटफॉर्म पर ट्रेन लगते ही स्टेशन के मुख्य गेट पर ऑटो-टोटो लगा दिया जाता है। जिससे मुख्य गेट पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। यात्रियों को अंदर जाने या फिर बाहर निकलने में भारी परेशानी होती है। इतना ही नहीं यात्रियों की मानें तो चालक यात्रियों को ऑटो में बैठाने के लिए खींच-तान तक शुरू कर देते हैं। यात्रियों से मनमानी किराया भी वसूली की जाती है। रेल कर्मचारियों द्वारा जब यह कहा जाता है कि मुख्य गेट से थोड़ी दूरी पर ऑटो लगाएं तो ऑटो चालक अड़ तक जाते हैं।
बताया जाता है कि रात में ज्यादातर ऑटो चालक कथित रुप से नशे होता है और वह किसी की नहीं सुनता है। स्टेशन पर उसकी मर्जी चलती है। ऑटो पर नहीं बैठने पर यात्रियों के साथ कई बार चालक बदसलूकी तक कर देते हैं। रात में यात्रियों से ऑटो किराया डबल वसूला जाता है। यात्रियों द्वारा कई बार स्टेशन प्रबंधक से भी इस बात की शिकायत की है, लेकिन स्टेशन प्रबंधक चाहकर भी कुछ नहीं कर पा रहे हैं। स्टेशन पर ट्रेन नहीं रहने के बाद भी ऑटो चालक यात्रियों को बरगलाकर प्लेटफॉर्म पर लाकर छोड़ दे रहे हैं। जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। स्टेशन प्रबंधक संतोष कुमार सिंह ने कहा कि स्टेशन परिसर में पार्किंग की सुविधा नहीं है। और, सुरक्षा के लिहाज से यहां दो जीआरपी को तैनात किया गया है। यात्रियों एवं स्टेशन पर बेहतर सुरक्षा के लिए जीआरपी बल की और जरूरत है। कहा कि ऑटो चालक यहां मनमानी करते हैं। प्लेटफॉर्म पर ट्रेन लगते ही मुख्य गेट को टोटो और ऑटो से जाम कर दिया जाता है। जिससे यात्रियों को परेशानी होती है। कहा कि उन्हें भी शिकायत मिली है कि ऑटो चालक यात्रियों से मनमानी किराया वसूल करते हैं। कहा कि स्टेशन पर पार्किंग के साथ किराया का निर्धारण जरूरी है। स्थानीय प्रशासन स्टेशन परिसर में ऑटो चालकों की मनमानी के मामले को संज्ञान में लेकर आवश्यक कदम उठाए। इधर यात्रियों ने भी प्रशासन का इस ओर ध्यान आकृष्ट कराया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।