चाकुलिया: 1994 में चड़ईडुबा नाला पर बना चेकडैम किसानों के लिए बना है वरदान, 50 बीघा खेत में लहलहा रही है गरमा धान की फसल
चाकुलिया प्रखंड के सोनाहातू पंचायत में 1994 में बनाए गए चेकडैम ने किसानों के लिए वरदान साबित किया है। तीन साल पहले यह चेकडैम क्षतिग्रस्त हो गया था, लेकिन किसानों ने मिलकर इसकी मरम्मत कराई। अब यह...
चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड की सोनाहातू पंचायत के अंधारिया गांव के पुराना बस्ती टोला के पास चड़ईडुबा नाला पर 1994 में सुनिश्चित रोजगार योजना के तहत निर्मित चेकडैम किसानों के लिए वरदान बना है। तत्कालीन विधायक देवी पद उपाध्याय के कार्यकाल में तीन लाख की लागत से इस चेकडैम का निर्माण हुआ था। तीन साल पूर्व यह चेकडैम क्षतिग्रस्त हो गया था। किसानों ने आपसी सहयोग से इसकी मरम्मत कराई थी। आज इस चेकडैम के पानी से आसपास में 50 बीघा खेत में गरमा धान की फसल लहलहा रही है। वहीं यह चेकडैम ग्रामीणों के नहाने और मवेशियों को पानी पीने के काम में भी आ रहा है। इन दिनों चेकडैम के पास पानी भरा है। चेकडैम के पानी से कालियाम पंचायत के कालियाम गांव और सोनाहातू पंचायत के आंधारिया के पुराना बस्ती टोला के किसान खेती करते हैं।पुराना बस्ती के किसान गोपाल पात्र, कालियाम के तपन महतो, विजेंद्र महतो और मानुराम हेंब्रम ने बताया कि इन दिनों चेकडैम के पानी से करीब 50 बीघा खेत में गरमा धान की खेती हुई है। किसानों के मुताबिक इस चेकडैम के पानी से वे सब्जी की खेती भी करते हैं। गर्मी के दिनों में भी ग्रामीण चेकडैम के पानी में नहाते हैं। मवेशियों को भी पानी पीने के सुविधा उपलब्ध हो जाती है। किसानों का कहना है कि तीन साल पूर्व यह चेकडैम टूट गया था। इसके कारण पानी जमा नहीं हो रहा था। किसानों ने आपसी सहयोग से चेकडैम मरम्मत कराई। इसके बाद से दोबारा यह चेकडैम किसानों के लिए उपयोगी साबित होने लगा। किसानों का कहना है कि इस चेकडैम की मरम्मत की जरूरतहै। परंतु जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों की उदासीनता से इसकी मरम्मत नहीं हो रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।