विधायक ने डीसी से की मुलाकात, गढ़वा की प्रमुख समस्याओं से कराया अवगत
विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने उपायुक्त दिनेश कुमार यादव से मुलाकात की और गढ़वा विधानसभा की विभिन्न समस्याओं को उजागर किया। उन्होंने मनरेगा में भ्रष्टाचार, जल जीवन मिशन में घोटाले और नगर परिषद के...

गढ़वा, प्रतिनिधि। विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने शुक्रवार को उपायुक्त दिनेश कुमार यादव से मुलाकात की। उस दौरान उन्होंने गढ़वा विधानसभा से संबंधित विभिन्न समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया। विधायक ने कहा कि गढ़वा एक आकांक्षी जिला है। यहां कर्मठ व योग्य आईएएस अधिकारी की आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि गढ़वा कि सबसे बड़ी समस्याओं में से एक मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) में व्याप्त भ्रष्टाचार है। कई पंचायतों में योजनाएं धरातल पर नहीं उतरीं, फिर भी शत प्रतिशत राशि की निकासी हो चुकी है। उन्होंने इस मामले की गहराई से जांच की मांग की। साथ ही उन्होंने जल जीवन मिशन में हुए बड़े घोटाले का भी जिक्र किया और बताया कि इससे आम जनता को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इस दिशा में तत्काल ठोस कार्रवाई की जरूरत है। विधायक ने गढ़वा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कई पदाधिकारी नियम-कानून को ताक पर रखकर खुद को एक पूर्व मंत्री का करीबी बताकर सरकारी जमीनों को औने-पौने दामों में अपने चहेतों को बेच रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बाजार मूल्य की तुलना में बेहद कम सरकारी मूल्य पर इन जमीनों को बेचा गया और बदले में भारी रिश्वत ली गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस अवैध कमाई से तत्कालीन उपायुक्त को भी रकम दी जाती थी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के भ्रष्ट कार्यपालक पदाधिकारी के विरूद्ध ईडी, सीबीआई, आयकर विभाग और गृह मंत्रालय को लिखित शिकायत करेंगे। उसमें आय से अधिक संपत्ति की जांच की मांग की जाएगी। मनरेगा प्रणाली की विफलताओं की ओर इशारा करते हुए विधायक ने कहा कि इस योजना में बड़े पैमाने पर धन की लूट हुई है। पीडीएस (सार्वजनिक वितरण प्रणाली) में भी घोटाले हुए हैं जो अब भी जारी हैं। इन मामलों की भी जांच आवश्यक है। उन्होंने एलपीसी (भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र) के नाम पर माफियाओं द्वारा फैलाई गई अराजकता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अपराधी और माफिया गलत दस्तावेजों के आधार पर एलपीसी बनवाकर जमीनों पर अवैध कब्जा कर रहे हैं और ऊंचे दामों पर उन्हें बेच रहे हैं। उससे असली भूधारकों में भय का माहौल है। विधायक ने सभी प्रमुख समस्याओं की ओर उपायुक्त का ध्यान आकर्षित करते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में गढ़वा में कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में आम लोगों को कानून-व्यवस्था का कोई अनुभव नहीं हुआ, लेकिन अब आपके आने से गढ़वा विधानसभा में सकारात्मक बदलाव की आशा जगी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।