प्रभार पर चल रहे हैं कई महत्वपूर्ण विभाग
धुरकी, प्रतिनिधि। प्रखंड कार्यालय के सभी प्रमुख पद इन दिनों प्रभार के भरोसे चल रहे हैं। उससे ग्रामीणों को कार्य कराने में परेशानी हो रही है। प्रखंड का

धुरकी, प्रतिनिधि। प्रखंड कार्यालय के सभी प्रमुख पद इन दिनों प्रभार पर चल रहे हैं। उससे ग्रामीणों को कार्य कराने में परेशानी हो रही है। प्रखंड कार्यालय में स्वास्थ्य, शिक्षा, वन, बाल विकास परियोजना, खाद्य आपूर्ति के अलावा अंचल व प्रखंड कार्यालय के कई पद रिक्त हैं। अंचल निरीक्षक का भी पद प्रभार में चल रहा है। सीओ जुल्फिकार अंसारी के जिम्मे चार प्रभार है। उन्हें सीओ के अलावा सीडीपीओ, बीडीओ और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी का पद संभालना पड़ रहा है। उसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की स्थायी नियुक्ति नहीं होने की वजह से चार वर्षों से यह पद भी प्रभार के भरोसे है। बाल विकास परियोजना पदाधिकारी की नियुक्ति नहीं होने के कारण 10 साल से यह पद भी प्रभार पर चल रहा है। पांच वर्षों से धुरकी वनपाल का पद वनरक्षी के भरोसे है। उसी तरह शिक्षा विभाग के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी का पद 10 वर्षों से प्रभार के भरोसे चल रहा है। धुरकी के अलावा चार अन्य प्रखंड का भी बीईइओ के प्रभार में हैं। अंचल कार्यालय में अंचल निरीक्षक का पद एक दशक से प्रभार में है। वहीं प्रखंड कल्याण पदाधिकारी का पद भी प्रभार में चल रहा है। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग और मनरेगा से संबंधित कई पद भी प्रभार के भरोसे चल रहे हैं। मालूम हो कि धुरकी सीओ को धुरकी अंचल व प्रखंड कार्यालय के अलावा सगमा प्रखंड व अंचल में भी सीओ, बीडीओ का प्रभार सौंपा गया है। उल्लेखनीय है कि लगभग छह महीने पहले धुरकी में बीडीओ के रूप में जिस पदाधिकारी को स्थानांतरित किया गया था उन्होंने प्रखंड कार्यालय में अपना योगदान नहीं दिया। उसका असर कामकाज पर पड़ रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।