चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ का सम्मेलन आज
झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ, देवघर शाखा का सम्मेलन 27 अप्रैल को सुभाष चौक स्थित शांति निकेतन में आयोजित होगा। इस सम्मेलन में नई समिति का गठन किया जाएगा और कर्मचारियों के हितों से...

देवघर, प्रतिनिधि। झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी संघ के 20 अप्रैल को मत्स्य प्रक्षेत्र, डोरंडा (रांची) में आयोजित बैठक में पारित प्रस्ताव के आलोक में झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ, देवघर शाखा का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह सम्मेलन 27 अप्रैल को देवघर के सुभाष चौक स्थित शांति निकेतन में सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित होगा। सम्मेलन के दौरान संघ की जिला शाखा, विशेष शाखा के साथ-साथ झारखंड एनएचएम अनुबंध एएनएम-जीएनएम संघ की नई समिति का गठन किया जाएगा। कार्यक्रम में झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के राज्याध्यक्ष गोपाल जी शरण, महासचिव भूषण कुमार, झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के राज्याध्यक्ष अरविन्द प्रसाद एवं महासचिव जीत वाहन उरांव मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त दुमका और जामताड़ा जिलों के संघ पदाधिकारी, देवघर जिले के सभी विभागीय पदाधिकारी तथा जिले भर से करीब पांच सौ कर्मचारी सम्मेलन में भाग लेंगे। सम्मेलन के माध्यम से कर्मचारियों के हितों से जुड़ी नीतियों पर मंथन के साथ संगठन को सशक्त करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की संभावना है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।