प्रश्नपत्र लीक होने के बाद प्रशासन का दिखा एक्शन; 3 अरेस्ट, 6 से हो रही पूछताछ
- कोडरमा से दो को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया गया, जबकि जमशेदपुर से एक को गिरफ्तार किया गया है। वहीं गढ़वा के भवनाथपुर में छह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पढ़िए पूरी खबर…

झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के मैट्रिक के प्रश्नपत्र लीक मामले में प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कोडरमा से दो को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया गया, जबकि जमशेदपुर से एक को गिरफ्तार किया गया है। वहीं गढ़वा के भवनाथपुर में छह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गढ़वा में भी तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में सीआईडी टीम भी जैक और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर छापेमारी कर रही है। वहीं, साइबर सेल की टीम वायरल कर रहे लोगों को चिह्नित कर उन पर दबिश बढ़ा रही है।
प्रश्नपत्र लीक मामले में शुक्रवार को कोडरमा पुलिस ने मरकच्चो के जामू निवासी प्रज्ञा उच्च विद्यालय के संचालक प्रशांत कुमार और हरलाडीह के आशीष साव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस मामले में कोडरमा डीईओ अविनाश कुमार राम ने मरकच्चो थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उधर, जमशेदपुर से बिरसानगर निवासी एक छात्र को शुक्रवार को गिरफ्तार किया। वहीं गढ़वा में भी छापेमारी की जा रही है।
बता दें कि मैट्रिक की 18 फरवरी को हुई हिन्दी की और 20 फरवरी को हुई विज्ञान के प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले वायरल थे। परीक्षा के बाद इसमें सत्यता पाए जाने पर जैक ने दोनों परीक्षा रद्द कर दी है।
एबीवीपी का प्रदर्शन: पेपर लीक को लेकर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जैक कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। वहीं, प्रदर्शनकारी जैक अध्यक्ष को इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग का ज्ञापन सौंपने गए। प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी के प्रदेश सह मंत्री ऋतुराज शाहदेव और सौरभ यादव को पुलिस ले गई।
विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं का कहना था कि शांतिपूर्ण तरीके से विद्यार्थियों के मुद्दों को लेकर जैक अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपने गए थे, लेकिन प्रशासन ने सरकार के इशारे पर उनकी आवाज को दबाने का प्रयत्न किया। एबीवीपी की केंद्रीय कार्य समिति सदस्य दिशा दित्या ने कहा कि विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं की आवाज को नहीं दबा सकती है। उन्होंने कहा कि 10वीं की परीक्षा संचालन में सरकार, शिक्षा विभाग और जैक बोर्ड विफल साबित हुआ है। इसे छुपाने के लिए सरकार प्रशासन को आगे कर रही है।
एबीवीपी के रांची जिला संयोजक पवन नाग ने कहा कि छात्र विरोधी झारखंड सरकार विद्यार्थियों की आवाज को दबाने के लिए प्रशासन का गलत तरीके से उपयोग कर रही है। लेकिन, पेपर लीक के इस मुद्दे को लेकर हम सरकार के साथ संघर्ष के लिए तैयार हैं।
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई : डीजीपी
जैक पेपर लीक प्रकरण पर डीजीपी अनुराग गुप्ता ने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने पर बख्शा नहीं जाएगा। पेपर लीक से जुड़े राज्यभर में दर्ज सभी कांड की मॉनिटरिंग आईजी सीआईडी असीम विक्रांत मिंज कर रहे हैं। कई जिलों में बड़ी कार्रवाई की गई है।