पुतिन ने ट्रंप को बताया बहादुर, बातचीत को भी तैयार; महाशक्तियों के करीब के आने क्या मायने
- डोनाल्ड ट्रंप की जीत के बाद पुतिन की यह पहली सार्वजनिक टिप्पणी थी। उन्होंने 14 जुलाई को पेंसिल्वेनिया की चुनावी रैली में ट्रंप की हत्या के प्रयास के दौरान साहस दिखाने के लिए उनकी तारीफ की।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने डोनाल्ड ट्रंप को अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव जीतने पर बधाई दी है। साथ ही, उन्होंने कहा कि मॉस्को नवनिर्वाचित रिपब्लिकन राष्ट्रपति के साथ बातचीत करने के लिए तैयार है। इससे संकेत मिलता है कि ट्रंप के आने से यूएस के प्रति पुतिन का रुख कुछ बदल सकता है। पुतिन ने 7 नवंबर को सोची में वल्दाई इंटरनेशनल डिस्कशन क्लब के सत्र को संबोधित किया। उन्होंने कहा, 'मैं इस मौके पर अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप की जीत पर उन्हें बधाई देता हूं। मैंने पहले भी कहा था कि हम किसी भी राष्ट्र प्रमुख के साथ काम करेंगे जिस पर अमेरिकी लोगों को भरोसा है।'
रिपोर्ट के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप की जीत के बाद पुतिन की यह पहली सार्वजनिक टिप्पणी थी। उन्होंने 14 जुलाई को पेंसिल्वेनिया की चुनावी रैली में ट्रंप की हत्या के प्रयास के दौरान साहस दिखाने के लिए उनकी तारीफ की। ट्रंप की हत्या के प्रयास पर उन्होंने कहा, 'मेरी राय में उन्होंने बहुत सही बर्ताव किया। एक असली आदमी की तरह साहस दिखाया।' पुतिन ने यूक्रेन संकट को समाप्त करने में मदद करने के लिए रूस से संबंधों को बहाल करने की उनकी इच्छा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ट्रंप की टिप्पणियां कम से कम ध्यान देने योग्य हैं।
यूक्रेन युद्ध को लेकर क्या है ट्रंप का रुख
यूक्रेन में युद्ध के मामले में ट्रंप कीव और मॉस्को को युद्ध विराम के लिए मजबूर करने की कोशिश कर सकते हैं। इसे लेकर कोई स्थायी समझौता भी हो सकता है। इसमें रूस के कब्जे वाले क्षेत्रों के लिए एक व्यवस्था होगी, जहां 2014 में क्रीमिया का विलय और फरवरी 2022 में यूक्रेन पर आक्रमण के बाद से कब्जा किए गए क्षेत्र शामिल हैं। संभावना है कि ट्रंप भविष्य में यूक्रेन को NATO का सदस्य बनने से रोकने के लिए रूसी राष्ट्रपति पुतिन की मांगों को स्वीकार कर लेंगे। नाटो के प्रति ट्रंप के नकारात्मक रवैये के मद्देनजर यह कीव के यूरोपीय सहयोगियों पर भी महत्वपूर्ण दबाव होगा। ट्रंप एक बार फिर यूरोपीय देशों को यूक्रेन के मुद्दे पर पुतिन के साथ समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए गठबंधन छोड़ने की धमकी दे सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।