पुतिन और ट्रंप में हो गई सीक्रेट डील? यूक्रेन पर रूस ने किया ऐसा दावा, पूरे यूरोप में हड़कंप
- Putin and Trump secret deal: क्या पुतिन और ट्रंप में सीक्रेट डील हुई है? रूस ने मंगलवार को बड़ा दावा किया कि यूक्रेन का महत्वपूर्ण हिस्सा रूस में मिलना चाहता है। इसी तरह के दावे ट्रंप ने एक दिन पहले किए थे।

Putin and Trump secret deal: यूक्रेन और रूस में भीषण युद्ध के बीच 11 फरवरी को नया और बड़ा अपडेट सामने आया। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के कार्यालय क्रेमलिन ने दावा किया कि यूक्रेन का महत्वपूर्ण हिस्सा रूस से मिलना चाहता है। क्रेमलिन के दावों से यूरोप में हड़कंप मच गया है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि क्या पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप में कोई सीक्रेट डील तो नहीं हो गई? हाल ही में एक चैनल को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा था कि यूक्रेन कभी भी रूस में मिल सकता है।
मंगलवार को क्रेमलिन ने कहा कि "यूक्रेन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रूस बनना चाहता है।" यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस टिप्पणी के कुछ ही घंटों बाद आया, जिसमें उन्होंने कहा था कि यूक्रेन "कभी रूस हो सकता है।" फॉक्स न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में ट्रंप ने यूक्रेन और रूस के बीच तीन साल से जारी संघर्ष पर कहा- यूक्रेन एक समझौता कर सकता है, या नहीं भी कर सकता। वे कभी रूस में मिल सकते हैं, या कभी नहीं मिल सकते हैं।"
अब क्रेमलिन के दावों से हड़कंप
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने मंगलवार को कहा कि यूक्रेन की स्थिति काफी हद तक राष्ट्रपति ट्रंप के शब्दों से मेल खाती है। क्रेमलिन ने कहा, यह एक तथ्य है कि यूक्रेन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रूस बनना चाहता है और पहले ही बन चुका है। पेस्कोव 2022 में रूस द्वारा चार यूक्रेनी क्षेत्रों के विलय का जिक्र कर रहे थे। उन्होंने आगे कहा, किसी भी घटना के घटित होने की संभावना 50 प्रतिशत होती है—या तो हां या ना।
ट्रंप ने यूक्रेन संकट को क्यों कहा प्राथमिकता
ट्रंप ने एक बार फिर दोहराया है कि वह चुनाव के दौरान किए अपने वादों पर अटल हैं। उनकी प्राथमिकता दुनिया से युद्ध की समाप्ति है। रूस और यूक्रेन के बीच तीन साल से युद्ध चल रहा है। कई मौतें और अरबों की संपदा के नुकसान के बाद अब इस युद्ध को समाप्त हो जाना चाहिए। उन्होंने कहा है कि उनके राष्ट्रपति पद के शुरुआती महीनों में संघर्ष को समाप्त करना उनकी प्राथमिकता होगी, लेकिन उन्होंने अभी तक इस बारे में कोई ठोस योजना पेश नहीं की है कि वे दोनों पक्षों को वार्ता की मेज पर कैसे लाएंगे।
पुतिन और ट्रंप में बातचीत
रूस और यूक्रेन दोनों ने सार्वजनिक रूप से उनके संघर्ष समाप्त करने के एजेंडे का स्वागत किया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि वह ट्रंप के साथ सीधे बातचीत के लिए तैयार हैं। इसी बीच, न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने पहले ही इस मुद्दे पर पुतिन से निजी बातचीत की है। हालांकि, क्रेमलिन ने इस कॉल की पुष्टि करने या इससे इनकार करने से इनकार कर दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।